- दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए लगाए पकवानों के काउंटर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: होली को लेकर बाजार रंगीन हो गया है। घरों में चिप्स-पापड़, कचरी बन रही है तो बाजार से जमकर खरीदारी हो रही है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को लुभाने के लिए पकवानों के काउंटर लगा रखे हैं। जहां से खूब खरीदारी हो रही है। गृहिणी कल्पना गुप्ता ने बताया मेहमानों का स्वागत परंपरागत व्यंजनों के अलावा आलू से बनने वाले व्यंजनों से करूंगी। उनकी तैयारी करने में जुट गई हूं। बाजार से सामग्री की खरीदारी भी कर ली है। सुधा मिश्रा ने बताया घर में ही तैयार रसगुल्ला व नमकीन से मेहमानों की आवभगत की जाएगी।
सूखे बरे व नमकीन के लगे काउंटर
व्यापारी प्रेम ने बताया पिछली बार की तरह इस बार भी हमने सूखे बरे, काजू, चना की दालमोठ, मठरी, मसाला कचौरी, मसाला समोसा के साथ साथ मूंगफली व चने की टेस्टी नमकीन तैयार कराई है। पापड़ भी बनवाए हैं। मिठाई में मेवा बर्फी, सूखी इमरती तैयार कर ली है। भरत ने बताया कि अब समय की कमी के चलते अधिकांश लोग रेडीमेड सामग्री ही खरीदते हैं, जिनको पूरा करने के लिए अभी से ही तैयारी की जा रही है।
खोआ के लिए दुकानों पर हो रही भीड़
सदर बाजार में सामान्य दिनों से मंगलवार को कुछ ज्यादा ही भीड़ थी। यहां लोग खोआ की खरीद करने में जुटे थे। गांवों से खोआ तैयार करके बिक्री करने के लिए दुग्ध व्यवसायी आए हुए थे। ग्राहकों की भीड़ के चलते दोपहर तक अधिकांश लोगों का खोआ बिक भी चुका था। परतापुर क्षेत्र के सोहन अपना खोआ बेचने के लिए सुबह आए थे। दोपहर 12 बजे तक उनका सारा खोआ बिक गया। खरीदार सर्वेश कुमार ने बताया अभी इसलिए खरीद लिया है क्योंकि त्योहार से एक दिन पहले महंगा हो जाएगा। साथ ही अभी शुद्ध माल मिल जाएगा।
खाद्य पदार्थों पर दिख रहा महंगाई का असर
पिछले होली के मुकाबले इस बार महंगाई है। सबसे ज्यादा महंगा खाद्य तेल है। सरसों तेल महंगा होने के कारण लगभग सभी खाद्य वस्तुएं महंगी हो गई हैं। खाद्य व्यापारी बंसल ने बताया सरसों के तेल के साथ साथ दाल, बेसन आदि भी महंगा मिल रहा है। रसोई गैस के दाम में भी इजाफा हो गया। लागत ज्यादा आ रही है इसलिए वस्तुएं पिछले साल के मुकाबले महंगी है। लेकिन ग्राहकों की कमी नहीं है ग्राहक रोज आ रहे हैं। होली तक और भी ज्यादा बढ़ जाएंगे।
कांजी बड़े के आने लगे आर्डर
चटपटे कांजी बड़े जिसे लोग चाव से खाना पसंद करते हैं। कुछ घरों में तो गृहणियां इसे खुद तैयार कर लेती हैं। अधिकतर लोग आर्डर देकर बड़े बनवाते हैं। कांजी बड़ा विक्रेता पदम शर्मा एवं डेरावाल ने बताया कि कांजी बड़ा को लेकर अभी से आर्डर आने लगे हैं।

