- बिना फास्टैग वालों के घर पहुंचेगा डबल टैक्स का चालान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/गाजियाबाद: चिपियाना आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) के अधूरे निर्माण के बावजूद साथ दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे (डीएमई) पर शुक्रवार सुबह आठ बजे से टोल वसूली की शुरुआत हो गई। एक्सप्रेस-वे से गुजरने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके वाहन पर वैध फास्टैग लगा है और इसमें पर्याप्त रिचार्ज भी है। यदि ऐसा नहीं है तो दोगुना टैक्स देना पड़ेगा। काशीपुर टोल प्लाजा से गुजरे तो नकद भुगतान करना होगा और उससे पहले हाइवे से उतरे तो दोगुना टैक्स का चालान आपके घर पहुंच जाएगा।
डासना टोल प्लाजा से भी आॅटोमेटिक वसूली
डीएमई पर सिर्फ एक मुख्य टोल प्लाजा काशीपुर में बनाया गया है और इसके साथ डासना में दोनों तरफ दो-दो टोल गेट बनाए गए थे। बाकी एग्जिट प्वाइंट की तरह डासना पर भी आॅटोमेटिक टैक्स कट रहा है। यहां टोल गेट खाली पड़े हैं और यहां से वाहन बिना रुके गुजर रहे हैं। यानी पूरे डीएमई पर सिर्फ काशीपुर टोल प्लाजा पर ही कर्मचारी तैनात हैं। बाकी सभी जगह हाइवे से उतरने पर एएनपीआर (आटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर) कैमरे के जरिए आनलाइन टैक्स कट रहा है।
दिल्ली से डासना तक नि:शुल्क सफर
सराय काले खां से डासना तक डीएमई और एनएच-9 एक साथ हैं। एनएच-9 पर डासना तक का सफर पहले से निशुल्क है और डीएमई पर भी इस दायरे में कोई टोल टैक्स की वसूली नहीं की जाएगी। डासना से आगे जाते हैं तो पूरा टैक्स वसूला जाएगा। दिल्ली से डासना तक का सफर निशुल्क करने की वजह एनएच-9 है, क्योंकि यदि इस दायरे में डीएमई पर टैक्स लिया जाता तो फ्री के चक्कर में सभी वाहन चालक इस दायरे में एनएच-9 के चार लेन से गुजरते और ऐसी स्थिति यातायात प्रबंधन मुश्किल होता।

इसलिए डासना टोल गेट पर भी कर्मचारी तैनात नहीं किए गए, क्योंकि एक तरफ का सफर निश्शुल्क कर दिया गया। एनएचएआइ (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार का कहना है कि टोल वसूली की शुरूआत हो गई है। सभी वाहन चालक फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस रखें, नहीं तो दोगुना भुगतान करना पड़ेगा।
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बनेगे चार यूटर्न
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए एनसीआरटीसी व प्रशासन के अधिकारियों ने कमर कस ली है। जाम ना लगे, इसके लिए दिल्ली-मेरठ मार्ग पर चार यूटर्न बनाए जाएंगे। नये यूटर्न बनने के बाद जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
एनसीआरटीसी की ओर से रैपिड ट्रेन के पिलर बनाने के निर्माण कार्य के चलते दिल्ली मेरठ मार्ग पर बैरिकेडिंग कर रखी है। बैरिकेडिंग करने के कारण सड़क सकरी हो गई। सड़क संकरी व अतिक्रमण के चलते दिल्ली मेरठ मार्ग पर आए दिन जाम लग जाता है।
जाम के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि पिछले दिनों तहसील परिसर में एसडीएम शुभांगी शुक्ला व अन्य अधिकारियों से हुई बैठके बाद फैसला किया गया कि सौदा व गुरुद्वारा यूटर्न को बंद कर दिया जाएगा। उन्होने बताया कि इनके स्थान पर 65-50 मीटर दूरी पर चार नये यूटर्न बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नये यूटर्न बनने के बाद दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम की समस्या से निजात मिलने की सम्भावना है।

