- रात्रि में पूरी तस्दीक करके घर से उठाया, थाने में किया पता तो उपनिरीक्षक के होश उड़े
- एसपी ने रात्रि में ही एसआई को अभद्रता करने पर लाइन हाजिर कर दिया
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: नगर के बस अड्डा पुलिस चौकी प्रभारी को वारंटी की सही तस्दीक न करना भारी पड़ गया। रात्रि में ही उसे एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। चौकी प्रभारी एसआई ने एक मीडिया कर्मी के पिता को रात्रि में उसके घर से उठाकर थाने की हवालात में डाल दिया। इसका पता जब मीडियाकर्मियों को लगा तो उन्होंने एसपी से इस संबंध में शिकायत की। एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।
नगर के सरकुलर रोड निवासी नसीम उर्फ कल्लू पुत्र हाफिज मीडिया कर्मी हैदर मलिक के पिता हैं। रात्रि में उसके घर पर हल्का इंचार्ज व बस अड्डा पुलिस चौकी प्रभारी अमोल कुमार शर्मा एक सिपाही को लेकर पहुंचे। हल्का इंचार्ज ने मीडिया कर्मी का नाम लेते हुए उसके पिता होने की बात पूछी। कल्लू ने हां कर दी। इतना कहते ही वह उसे लेकर थाने में पहुंच गए। थाने में कल्लू ने हिरासत में लेने का कारण पूछा तो उसे नोटिस होना बताया।
कल्लू ने हर बार उन्हें मना किया कि उसका इस तरह का कोई कोर्ट में विवाद नहीं है। नसीम उर्फ कल्लू से उसकी आइडी मंगवाकर चेक की। बताया गया है कि साथ रहे पुलिस कर्मी ने भी एसआई से कहा कि यह मीडिया कर्मी के पिता हैं। इनका कोई मामला नहीं है।
एसआई ने उसे भी झिड़कते हुए खुद को जांच अधिकारी बताया। नसीम उर्फ कल्लू ने बताया कि उसने बार-बार कहा कि वह नसीम उर्फ कल्लू है और उसके पिता का नाम हाफिज है। काफी देर तक बात होती रही। लेकिन एसआई उसे छोड़ने को तैयार नहीं हुए। जब मीडिया कर्मी बेटे व अन्य मीडिया कर्मियों को पता लगा तो रात्रि में ही एसपी से शिकायत की। उन्हें सारी जानकारी दी।
तब एसपी ने रात्रि में ही जांच कराकर हल्का इंचार्ज एसआई अमोल शर्मा को लाइन हाजिर के आदेश कर दिए। रात्रि में उन्हें बागपत पुलिस लाइन बुला लिया गया था। असल में पुलिस चौकी प्रभारी अमोल शर्मा को किसी कल्लू नाम के दूसरे व्यक्ति की जरूरत थी। लेकिन उनके मन में कल्लू मीडिया कर्मी के पिता ही बैठ गया। वह इससे टस न मस हुए। किसी से शायद पूछने पर उन्हें कल्लू मीडिया कर्मी के पिता के बारे में ही बताया था।

