- प्रबंध निदेशक ने किया मुराद नगर से शताब्दी नगर तक निर्माण कार्यों का निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक विनय सिंह ने शनिवार को दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर प्राथमिकता खंड से आगे के खंड का निरीक्षण किया। उनके साथ एनसीआरटीसी के सभी निदेशक एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने मुरादनगर से लेकर शताब्दीनगर (मेरठ) तक सभी स्टेशनों और वायाडक्ट के निर्माण कार्य का जायजा लिया। यह एनसीआरटीसी की निर्माण योजना का पैकेज-3 है, जिसमें मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी और शताब्दी नगर स्टेशन शामिल हैं। निरीक्षण की शुरूआत मुरादनगर स्टेशन से हुई।
दुहाई से मुरादनगर के बीच ट्रैक बिछाने का कार्य पहले ही पूर्ण कर लिया है और रैपिड एक्स ट्रेनों का हाई स्पीड ट्रायल रन मुरादनगर तक किया जा रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने मोदीनगर साउथ और मोदीनगर नॉर्थ स्टेशन के निर्माण का जायजा लिया। इन दोनों स्टेशनों का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने मेरठ साउथ स्टेशन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि इस स्टेशन में ग्राउंड, मैजनीन, कॉनकोर्स और प्लेटफॉर्म लेवल बनाए जा रहे हैं।
इसके बाद अधिकारियों ने शताब्दीनगर स्टेशन के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका हैं और प्लेटफार्म लेवल तैयार किया जा रहा है। मुरादनगर से शताब्दीनगर तक इस खंड की लंबाई लगभग 31 किमी है। इस खंड में 31 में से लगभग 27 किमी के हिस्से में वायाडक्ट निर्माण पूर्ण हो चुका है। रैपिड प्रशासन के अनुसार मुराद नगर से आगे की ओर ट्रैक बिछाने का कार्य भी जल्द आरंभ हो जाएगा।
इस दौरान विनय सिंह ने कॉरिडोर के लिए तेजी से किए जा रहे निर्माण कार्यों में जुटे अधिकारियों को बधाई भी दी और साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा के मानदंडों का सावधानी से पालन करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि रैपिड एक्स ट्रेनों के संचालन के दूसरे फेज में मुराद नगर से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच ट्रेन सेवाएं शुरू की जाएंगी। वर्तमान में प्राथमिकता खंड ट्रेनों के परिचालन के लिए तैयार है।

