- खादर क्षेत्र के सादुल्लापुर और तरबियतपुर जुनूबी में दी दबिश
- पुलिस की तीन गाड़ियां देख भाग गए ठग और सरगना
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: गाजियाबाद पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने किठौर के सादुल्लापुर खादर और तरबियतपुर जुनूबी में ठग गिरोह की तलाश में दबिश दी। पुलिस की गाड़ियां देख गिरोह का सरगना अपने साथियों सहित फरार हो गया।
इंद्रापुरम पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद सहित एनसीआर क्षेत्र में महिलाओं और बुजुर्गों के साथ आभूषण ठगी के मामले सामने आ रहे थे। जिससे निपटने के लिए उच्चाधिकारियों ने जन जागरुकता अभियान चलाने के साथ पुलिस को भी ठग गैंग पर पैनी नजर रखने के निर्देश दे रखे थे।
रविवार को इंद्रापुरम पुलिस ने एक महिला से आभूषण ठगी का प्रयास करते चार लोगों को दबोच लिया। बकौल, इंस्पेक्टर पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम सैफ अली, फुरकान निवासी गदरपुर ऊधमसिंह नगर व आबिद निवासी परीक्षितगढ़ मेरठ बताए। गैंग के सदस्यों ने बताया कि वह बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों के आसपास रहकर महिलाओं व बुजुर्गों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं।
ऐसे देते हैं वारदात को अंजाम
बकौल पुलिस गैंग के सदस्यों ने बताया कि वे टोलियों के रूप में बाइकों पर सवार होकर आभूषण पहने महिलाओं व बुजुर्गों को भांपते रहते हैं। फिर रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोककर बातचीत में लगा लेते हैं। तत्पश्चात राशि व नक्षत्रों से जुड़ी धार्मिक बातों के सहारे आभूषणों पर नक्षत्रों का गृहण बताते हुए आभूषण शुद्धिकरण या नए आभूषण देने के बहाने महिलाओं, बुजुर्गों से आभूषण उतरवाकर 80 या 120 कदम पीछे देखे बिना आगे चलने की बात कह आभूषण लेकर फरार हो जाते हैं। आभूषणों को बाइक की टंकी में डाल लेते हैं। ठगों ने बताया कि वे ठगी के आभूषण जलालुद्दीन, असगर, पाथीराम निवासी गुल्लरभोज उत्तराखंड के अलावा मेरठ के किठौर थानांतर्गत खादर निवासी कई लोगों को बेचते हैं।
अंतर्राज्यीय स्तर पर फैला जाल
पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि आभूषण ठगों का जाल अंतर्राज्यीय स्तर पर फैला है। ये गिरोह उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, बुलंदशहर से लेकर मध्यप्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ तक फैला है। इन क्षेत्रों में इनके रिश्तेदारों के रूप में स्थानीय पनाहगार भी बसे हुए हैं। बकौल इंस्पेक्टर पकड़े गए गैंग से गाजियाबाद के नंदग्राम, विजयनगर और इंद्रापुरम में ठगी गए ढाई लाख के आभूषण बरामद हुए हैं।
प्रकाश में आया मेरठ का सरगना
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के दो-तीन सरगनाओं के नाम प्रकाश में आए हैं। जिन पर ठगी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। मेरठ से किठौर थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर निवासी अनवर का नाम भी सामने आया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मंगलवार को अनवर उसके बेटे इरशाद की तलाश में दबिश दी गई, तरबियतपुर जुनूबी में नसीम पुत्र रियासे, सुक्का पुत्र शेरद्दीन गुलजार पुत्र शेरद्दीन इकबाल पुत्र मुनसब की तलाश में दबिश दी गई,
लेकिन कोई हत्थे नही चढ़ा। इंस्पेक्टर ने बताया कि इन लोगों के आपराधिक इतिहास को लेकर झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया जाएगा। ठगों की कुंडली खंगालने के बाद इनके विरुद्ध कमरतोड़ कार्रवाई की जाएगी। उधर, इंस्पेक्टर किठौर सुनील सिंह का कहना है कि गाजियाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम आई थी। किठौर के लोगों से जुड़ा कोई ठगी का मामला था। क्या कार्रवाई हुई है उन्हें जानकारी नहीं।
मुठभेड़ में गैंगस्टर में वांछित बदमाश को लगी गोली
मेरठ: लोहिया नगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात को हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर में वांछित एक बदमाश को पुलिस की गोली लग गयी। लोहियानगर पुलिस टीम रात्रि में थाना क्षेत्र में वांछित अपराधियों की धरपकड़ में चेकिंग अभियान चला रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि हापुड़ से गैंगस्टर एक्ट में वांछित अपराधी अपने साथी के साथ मोटर साइकिल पर थाना लोहियानगर क्षेत्र में कोई अपराध करने के इरादे से घूम रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने चंदौड़ी रोड पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी कर ली।
बदमाशों द्वारा खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया तथा उसका साथी मौके से फरार हो गया जिसकी गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग की जा रही है। घायल बदमाश की पहचान फरीद पुत्र फैय्याज निवासी वार्ड-3 मुरादनगर जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई, जिसके कब्जे से एक स्प्लेंडर बाइक, एक तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है। घायल बदमाश फरीद को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरीद थाना हापुड़ से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा है।
समलैगिंक में थी युवती, दूसरी युवती के ससुराल पहुंची
दौराला: कोचिंग के दौरान मुजफ्फरनगर जिले की एक युवती को अपनी सहेली से प्यार हो गया और दोनों समलैंगिक रिश्ते में आ गई। लेकिन, दो माह पहले एक युवती ने दौराला थाना क्षेत्र के एक युवक से कोर्ट मैरिज कर ली। मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव निवासी युवती व खतौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी साथ में मुजफ्फरनगर के जानसठ बस स्टैंड के पास कोचिंग करते थे। कोचिंग के दौरान ही दोनों में प्यार हो गया।
दोनों एक दूसरे से फोन पर बात करती थी और समलैंगिक रिश्ते में आ गई थी। परंतु, दो माह पहले एक युवती ने दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से कोर्ट मैरिज कर ली और उसके साथ आकर उसके गांव रहने लगी। विवाह के बाद सहेलियों की बात होनी बंद हो गई। बात न होने पर बुधवार को अपने गांव से युवती दौराला थाना क्षेत्र में सहेली की ससुराल पहुंची।
बताया गया है कि इस दौरान सहेली के पति ने युवती को अपनी पत्नी से मिलने नहीं दिया। दोनों में काफी नोकझोंक भी हुई। गुस्साई युवती ने सरिया युवक के सिर में मार दिया, जिस कारण युवक गभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवती को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में युवती ने सहेली से समलैंगिक रिश्ते की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

