Saturday, February 14, 2026
- Advertisement -

पंखे, कूलर, एसी फेल, गर्मी में कटौती ने निकाला दम

  • गर्मी में बिजली कटौती और लो वोल्टेज ने छीना लोगों का चैन

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: जानलेवा गर्मी में बिजली की अंधाधुंध कटौती और लो वोल्टेज ने पंखे, कूलर और ऐसी फेल साबित हो रहे हैं। वहीं शरीर झुलसा देने वाली गर्मी में कई इलाकों में बिजली की लंबी कटौती ने लोगों का दम निकालकर रख दिया है। गमी के कहर के साथ ही बिजली की डिमांड दोगुनी हो गई है। शहर से देहात तक कई-कई घंटे की कटौती की जा रही है। जर्जर तार फुंक रहे हैं। केबिल बॉक्स ट्रांसफार्मर दहन का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है।

लोग पसीना-पसीना हैं और रही सही कसर अंधाधुंध कटौती ने पूरी कर दी है। डिमांड की बात करें तो यह बढ़कर 11 सौ मेगावाट की रिकार्ड ऊंचाइयों पर है। शहर से लेकर देहात तक बिजली की मांग में भारी इजाफा हुआ है। माना जा रहा है कि डिमांड के बढ़ने के बाद ही लो वोल्टेज की मुसीब शुरू हुई है। इस मुसीबत का कहर सबसे ज्याद पंखे, कूलर व एसी पर टूट रहा है।

ट्रांसफार्मर दे रहे धोखा

बिजली अफसर भले ही सिस्टम दुरुस्त करने का कितना भी बड़ा दावा क्यों हो न करें, लेकिन जो हालात फिलहाल बने हुए हैं, उन्होंने दावों की हवा निकाल कर रख दी है। सबसे ज्यादा मुसीबत ट्रांसफामरों की आयी हुई है। इसके अलावा हाइटेंशन लाइनों का स्वाहा होने का भी सिलसिला जारी है। ट्रांसफार्मरों को बचाने के लिए उन्हें ठंडा करने के लिए कूलर लगाए जा रहे हैं। महानगर के लालकुर्ती, ब्रह्मपुरी, माधवपुरम, शास्त्रीनगर व सेंट्रल मार्केट, गंगानगर और तो और सिविल लाइन जैसे वीआईपी इलाके में भी मुसीबत बनी हुई है।

चीफ इंजीनियर मेरठ जोन अर्बन धीरज सिन्हा का कहना है कि टीमें 24 घंटे अलर्ट हैं, गर्मी की वजह से दिक्कत है बिजली भरपूर है, लेकिन फाल्ट परेशानी बढ़ा रहें हैं। वहीं, चीफ इंजीनियर मेरठ जोन रूरल राघवेंद्र सिंह का कहना है स्टॉफ अलर्ट मोड पर है। जहां भी दिक्कत आ रही है टीम तेजी से काम करके बिजली व्यवस्था सुचारू कर रही है। हीट वेव की वजह से अभी कुछ दिन और दिक्कत रह सकती है। हालांकि बिजलीघरों का स्टाफ मुस्तैदी से काम कर रहा है।

खराब आउटपुट वाले ठेकेदारों को लगेगा झटका

पीवीवीएनएल प्रबंध निदेशक ईशा दुहन की अध्यक्षता में बुधवार को डिस्कॉम मुख्यालय, ऊर्जा भवन में कार्यों की समीक्षा बैठक आहुत हुई। इस दौरान बैठक में कार्यदायी संस्थाओं मैसर्स सालासर लिमिटेड, एनसीसी, एलएंडटी, जेएसपी प्रोजेक्ट आदि कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं डिस्कॉम मुख्यालय के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इन कार्यदायी संस्थाओं को योजना के अंतर्गत फीडर विभक्तिकरण का कार्य, जर्जर विद्युत तार, जर्जर पोल विभिन्न क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित करने, लाइन बदलने आदि कार्य आवंटित किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर व उच्च गुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति दी जा सके।

बैठक में एमडी ईशा दुहन द्वारा उपस्थित कार्यदायी संस्थाओं, प्रतिनिधियों एवं विभाग द्वारा कार्य में आ रही कठिनाइयों के सम्बन्ध में अवगत करने के लिए निर्देशित किया गया। इस सम्बन्ध में एमके गर्ग मुख्य अभियंता (एमएम) ने प्रबन्ध एमडी को अवगत कराया कि कुछ कार्यदायी संस्थाओं का कार्य अधिक लम्बित है। इस पर एमडी द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया तथा निर्देश दिये गये कि कार्यों को अधिकतम आगामी माह तक हर हाल में पूरा कराया जाये। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने एवं प्रदर्शन में पीछे रही फर्मों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान चेतावनी दी गयी कि जिन कार्यदायी संस्थाओं की कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति संतोषजनक नहीं है। ऐसी कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

बैठक में प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए की सहारनपुर स्मार्ट सिटी और मुरादाबाद स्मार्ट सिटी का कार्य 30 जून तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। कार्यदायी संस्था जैसे मैसर्स सालासर लिमिटेड के कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पायी गई। जिस पर प्रबन्ध निदेशक द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया तथा प्रदर्शन में पीछे रही फर्मों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया। बैठक में एनके मिश्र निदेशक तकनीकी, एमके गर्ग मुख्य अभियन्ता प्रबन्धन, योगेश कौशिक आदि अधिकारियों ने भाग लिया।

सड़कों से लेकर सरकारी महकमे तक गर्मी का सितम जारी

जून माह में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से आमजन परेशान हैं। आए दिन हीट वेव्स के कारण मृत्यु के केस दर्ज किये जा रहे हैं। बीते दिन भी मेरठ का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस नापा गया। उमस और गर्म लू से जहां एक तरफ जनजीवन अस्त व्यस्त है। वहीं, दूसरी ओर सरकारी कार्यालयों में आवेदन लेकर आये आवेदकों को ठीक से बैठने की व्यवस्था भी मुहैया नहीं कराई जा सकी। बुधवार को जनवाणी टीम कैंट स्थित पासपोर्ट आॅफिस पहुंची तो वहां पासपोर्ट बनवाने आए लोगों की लंबी कतार नजर आयी। लोग आॅफिस में गर्मी के कारण बाहर बैठे नजर आये। भीषण गर्मी में जहां एक तरफ सूर्य देव ने अपनी आग से कहर बरपा रखा है तो दूसरी तरफ सोने पर सुहागा बिजली कटौती ने कर दिया है।

भीषण गर्मी में आवेदकों के बैठने के लिए बेंचों की व्यवस्था तो बाहर करा दी गई, लेकिन कूलर और पंखों के नाम पर इतिश्री कर ली गयी। वहीं पासपोर्ट आॅफिस से सटे गेट पर बैठे रिटायर्ड आर्मी के सिक्योरिटी गॉर्ड अकेले ही कूलर की हवा लेते और लोगों पर भुनभुनाते नजर आये। जबकि उनके ही पास में बैठे आवेदक अपने पसीने पोंछते हुए दिखाई दिए। बता दें कि इस बिल्डिंग में अन्य तीन आॅफिस भी है। जिसमें ऊपर और बराबर के तल पर डाकघर तथा सामने वाली बिल्डिंग में दूरसंचार का आॅफिस है।

मुख्य आॅफिस होने की वजह से यहां पर मुख्य अधिकारी बैठते हैं तथा आये दिन आला अफसरों का ताँता लगा रहता है। बावजूद इसके यहां प्रतिदिन आने वाले सौ से अधिक आवेदकों के प्रति किसी के भी मन में संवेदनाएं जागृत नहीं होती है। जब इस बारे में पासपोर्ट आॅफिस के कर्मचारी मोहित राठी से बात करने की कोशिश की गयी तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

UP: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, तीन श्रेणी की पेंशन में बढ़ोतरी, अब मिलेगा 1500 रुपये

जनवाणी ब्यूरो | यूपी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ...
spot_imgspot_img