- मौके पर डायल 112 भी पहुंची, लेकिन उनकी गाड़ी पर बदमाशों की बाइक अव्वल साबित हुई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वीआईपी व अति सुरक्षित माने जाने वाले सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस के समीप व पुलिस लाइन के सामने बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार देर रात एलआईसी के एडवाइजर से मोबाइल लूट लिया। मौके पर डायल 112 भी पहुंची, लेकिन उनकी गाड़ी पर बदमाशों की बाइक अव्वल साबित हुई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पीड़ित को लेकर बदमाशों के पीछे भी दौड़ी लेकिन बदमाशों की बाइक का मुकाबला डॉयल 112 नहीं कर सकी और वो ओझल हो गए। । मंगलवार को पीड़ित सिविल लाइन थाने आया और तहरीर दी।
पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर युवक को टरका दिया। मुजफ्फरनगर निवासी मोहित राठी एलआईसी एडवाइजर हैं। सोमवार को वह किसी काम से मेरठ आए हुए थे। शाम को गंगानगर से लौटते वक्त वह मवाना अड्डे पर उतर गए। वहां से पैदल पैदल अपने होटल की तरफ जा रहे थे कि अचानक घर से फोन आ गया। मोहित पैदल थे, इसलिए उन्होंने कॉल रिसीव की और बातचीत शुरू कर दी। सर्किट हाऊस के ठीक सामने मोहित को बाइक सवार दो युवकों ने रोक लिया। उन्होंने जेलचुंगी की ओर जाने वाला रास्ता पूछा।
मोहित भी अंजान थे। इससे पहले कि वह कुछ कह पाते, अचानक बाइक सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। मोबाइल छीनकर युवक वहां से फरार हो गए। मोहित ने चिल्लाते हुए उनका पीछा किया, लेकिन पैदल होने के कारण वह कुछ कर नहीं पाए। कुछ सेकेंड बाद वहां से डायल 112 गुजरी। मोहित ने उन्हें रोक लिया और घटना के बारे में बताया। डायल 112 पुलिस मोहित को बैठाकर बदमाशों के पीछे दौड़ी
लेकिन पुलिस लाइन के गेट नंबर चार के सामने दो अलग अलग रास्ते देखकर रुक गई। बदमाश किस तरफ भागे है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं लगी और वह वहीं से वापस आ गए। मोहित को थाने जाकर तहरीर देने की सलाह देकर डायल 112 पुलिस लौट गई। मंगलवार को मोहित तहरीर लेकर थाने पहुंचे लेकिन पुलिसकर्मी ने चौकी पर तहरीर देने की बात कहकर मोहित को लौटा दिया। हालांकि बाद में गुजारिश करने पर तहरीर लेकर चलता कर दिया।
चोरी हुई गाड़ी की तलाश में सोतीगंज और देहलीगेट में भटक रही दिल्ली पुलिस
मेरठ: दिल्ली के लाजपत नगर इलाके से चोरी हुई आर्ई-20 कार की तलाश में दिल्ली पुलिस दो दिन से मेरठ में भटक रही है। एसआई नीरज सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने सोमवार को टीपीनगर थाना में आमद दर्ज करायी है। आमद दर्ज कराए जाने के बाद सोमवार देर रात पुलिस टीम सदर बाजार थाना के सोतीगंज, देहलीगेट थाना के जली कोठी सरीखे तमाम इलाकों में चोरी हुई आई-20 कार की सुरागकशी करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लगाया जा सका। दिल्ली पुलिस के स्टाफ ने बताया कि लाजपत नगर से मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे तक चोरी की गयी गाड़ी सीसीटीवी कैमरों में साफ नजर आ रही है। उसके बाद से नजर नहीं आयी। इससे इतना तो साफ हो गया है कि कार चोरी करने वाले बदमाश मेरठ में घुसे हैं। मेरठ में कहां घुसे हैं यह अभी साफ नहीं हो सका है।

