जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: ईरान और इजरायल के बीच तीन दिनों से जारी भीषण युद्ध में अब पाकिस्तान की एंट्री हो गई है। ईरानी सेना ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि यदि इजरायल ने तेहरान पर परमाणु हमला किया, तो वह इजरायल पर भी न्यूक्लियर अटैक करेगा। यह जानकारी ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के जनरल मोहसिन रेजाई ने दी।
रेजाई, जो ईरान की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सदस्य भी हैं, ने तुर्की के मीडिया प्लेटफॉर्म ‘तुर्किए टुडे’ के हवाले से बताया कि पाकिस्तान ने ईरान को यह गारंटी दी है। उनके अनुसार, “अगर इजरायल ईरान की जमीन पर परमाणु मिसाइल का इस्तेमाल करता है, तो पाकिस्तान भी उसी स्तर की जवाबी कार्रवाई करेगा।”
पाकिस्तान ने दोहराया समर्थन
इससे पहले भी पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान दिया था कि उनका देश इस कठिन समय में ईरान के साथ खड़ा है। उन्होंने ईरान को “भाई” बताते हुए कहा था कि पाकिस्तान ईरान के हितों की रक्षा करेगा और उनके दुख को अपना दुख समझता है।
युद्ध के बीच लगातार हवाई हमले
वर्तमान में ईरान और इजरायल के बीच हवाई हमलों का सिलसिला तेज हो गया है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक 224 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,277 से अधिक लोग घायल हैं। वहीं, इजरायल की आपातकालीन मेडिकल सेवा एजेंसी मैगन डेविड एडोम (MDA) के मुताबिक, सेंट्रल इजरायल में ईरानी मिसाइल हमलों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और 67 लोग घायल हुए हैं।
ट्रंप ने दी मध्यस्थता की पेशकश
इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वह ईरान और इजरायल के बीच शांति समझौता करवा सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि यदि उन्हें मौका मिला, तो वे जल्द ही दोनों देशों के बीच तनाव कम करवाने में सफल हो सकते हैं।

