जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: शनिवार सुबह रूस के कामचटका प्रायद्वीप में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई है, जिसके बाद इलाके में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप सुबह 8:07 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से 60 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
विभिन्न एजेंसियों ने क्या जानकारी दी?
जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र (GFZ): भूकंप की तीव्रता 7.1 बताई और केंद्र की गहराई 10 किमी बताई गई।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS): भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई और केंद्र की गहराई 39.5 किमी दर्ज की। यूएसजीएस के मुताबिक, भूकंप का केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 111.7 किमी पूर्व में था।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी: कामचटका के दक्षिण-पश्चिम में स्थित जापान ने भूकंप के बावजूद कोई सुनामी चेतावनी जारी नहीं की है।
सुनामी की आशंका
प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने इस भूकंप के बाद संभावित सुनामी की चेतावनी जारी की है। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
पहले भी आया था शक्तिशाली भूकंप
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में जुलाई महीने में 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके बाद पूरे प्रशांत क्षेत्र में सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया था।
फिलहाल की स्थिति
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
संपत्ति के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं
निगरानी एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं

