जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सीजीपीडीटीएम परीक्षक भर्ती 2025 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से पेटेंट, डिजाइन और ट्रेडमार्क्स के नियंत्रक जनरल (CGPDTM) के कार्यालय में ट्रेडमार्क एवं भौगोलिक संकेत परीक्षक के 100 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा, UPSC के तहत उप निदेशक (परीक्षा सुधार) के 2 पदों पर भी भर्ती की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है और इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ट्रेडमार्क एवं भौगोलिक संकेत परीक्षक: योग्यता और अनुभव
इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से विधि (Law) में डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उम्मीदवार को अदालती मामलों या अन्य कानूनी मामलों को संभालने, या ट्रेडमार्क एवं भौगोलिक संकेत से संबंधित मामलों में कम से कम 2 साल का अनुभव होना चाहिए।
वेतन और आयु सीमा
चयनित अभ्यर्थियों को 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन मैट्रिक्स स्तर-7 के तहत वेतन मिलेगा। आयु सीमा अनारक्षित/ईडब्ल्यूएस/पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए 30 वर्ष, ओबीसी के लिए 33 वर्ष, एससी/एसटी के लिए 35 वर्ष और दिव्यांगजन (PwBD) अभ्यर्थियों के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है। यह पद स्थायी है और केंद्र सरकार की सामान्य सेवा (ग्रुप ‘बी’) के अंतर्गत आता है। चयनित उम्मीदवारों को 2 साल की परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन) पूरी करनी होगी। पद का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है।
उप निदेशक (परीक्षा सुधार): योग्यता और अनुभव
उप निदेशक के पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से पीएचडी डिग्री होनी चाहिए। पीएचडी मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी, कानून, प्रबंधन, वित्त या लेखा जैसे विषयों में हो सकती है। इसके अलावा उम्मीदवार को पढ़ाने, शोध करने, पाठ्यक्रम या स्टडी मटेरियल बनाने, परीक्षा सुधार या ऑनलाइन परीक्षाओं से जुड़े काम में कम से कम 5 साल का अनुभव होना जरूरी है।
यदि उम्मीदवार के पास कंप्यूटर एप्लीकेशन में 1 साल का डिप्लोमा और सॉफ्टवेयर से जुड़े 2 साल का अनुभव है, तो उसे प्राथमिकता दी जा सकती है। हालांकि यह योग्यता अनिवार्य नहीं है, लेकिन चयन प्रक्रिया में इसे फायदा माना जाएगा।

