जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेकर जीवन रक्षा की व्यवहारिक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से के. एल. जी. पब्लिक स्कूल में फर्स्ट एड एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) पर विशेष स्किल डेवलपमेंट जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुष्पा देवी पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट और पुष्पा देवी डायलिसिस सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए संस्थान के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नितिन पंवार ने कहा कि आज केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि फर्स्ट एड, सीपीआर और इमरजेंसी रिस्पॉन्स जैसी जीवन रक्षक स्किल्स का प्रशिक्षण प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। सही समय पर दी गई प्राथमिक सहायता जीवन बचाने में निर्णायक साबित होती है। विद्यालय की प्रधानाचार्या नीरू त्यागी ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सामाजिक दायित्वों के प्रति संवेदनशील बनाती हैं तथा आपात स्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती हैं।
प्रशिक्षण सत्र में ऑपरेशन मैनेजर विक्रम सिंह, हॉस्पिटल एवं डायलिसिस मैनेजर हिना गुप्ता, रीतु पंवार (एकेडमिक मैनेजर), टिंकू कुमार (डायलिसिस इंचार्ज), डॉ. श्रीति (एमबीबीएस), वर्कशॉप ट्रेनर नमरा अंसारी और जूनियर डायलिसिस टेक्नीशियन बतूल ज़हरा ने सीपीआर, हृदय गति रुकना, बेहोशी, अत्यधिक रक्तस्राव, चोट और सड़क दुर्घटना की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवन रक्षक तकनीकों का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया।
सीपीआर मैनिकिन के माध्यम से लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक आपात परिस्थितियों में अभ्यास का अवसर मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समापन पर सक्रिय प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को उपयोगी, प्रेरणादायक और समाजहित में महत्वपूर्ण बताया।

