जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: केंद्रीय बजट से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आर्थिक दिशा, सुधारों की रफ्तार और भारत के दीर्घकालिक विकास विजन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भले ही इस समय देश का ध्यान स्वाभाविक रूप से केंद्रीय बजट पर केंद्रित है, लेकिन सरकार की पहचान केवल बजट तक सीमित नहीं रही है। बीते वर्षों में सरकार ने ‘Reform, Perform और Transform’ की नीति के जरिए देश को विकास की नई गति दी है।
सुधारों की ‘Reform Express’ पर भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब सुधारों की ‘Reform Express’ पर सवार होकर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह सुधार यात्रा केवल सरकार की नहीं, बल्कि संसद के सभी सदस्यों के सकारात्मक सहयोग से संभव हो पाई है। उन्होंने संसद के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा के कारण देश लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निकलकर स्थायी और दूरगामी समाधान की दिशा में बढ़ रहा है।
भारत-ईयू एफटीए को बताया आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी भारत की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के उज्ज्वल भविष्य और भारतीय युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि यह समझौता आत्मविश्वासी, प्रतिस्पर्धी और उत्पादक भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने बताया कि मौजूदा तिमाही की शुरुआत बेहद सकारात्मक रही है और आज आत्मविश्वासी भारत दुनिया के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है।
उन्होंने इस एफटीए को “महत्वाकांक्षी भारत के लिए मुक्त व्यापार, आकांक्षी युवाओं के लिए मुक्त व्यापार और आत्मनिर्भर भारत के लिए मुक्त व्यापार” करार दिया और भरोसा जताया कि भारतीय निर्माता इस अवसर का पूरा लाभ उठाएंगे।
विकसित भारत 2047 का लक्ष्य अहम मोड़ पर
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का पहला चौथाई हिस्सा पूरा हो चुका है और अब विकास के अगले चरण की शुरुआत हो रही है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आने वाले 25 साल बेहद निर्णायक होंगे। उन्होंने बताया कि इस नए चरण का पहला केंद्रीय बजट जल्द ही संसद में पेश किया जाएगा।
निर्मला सीतारमण नौवीं बार पेश करेंगी बजट
प्रधानमंत्री मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि वह देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं जो लगातार नौवीं बार बजट पेश करने जा रही हैं। उन्होंने इसे संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों, विशेषकर युवाओं की आकांक्षाओं और विश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि संसद सदस्य राष्ट्रपति के संदेश को गंभीरता से लेंगे।

