- ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षकों और पुलिसकर्मियों पर लापरवाही बरतने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: अस्थाई जेल से फरार होने के मामले में चारों बंदियों व बंदी रक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अस्थाई जेल सुरक्षा ड्यूटी में लगे बंदी रक्षकों और पुलिसकर्मियों पर भी लापरवाही का आरोप है, जांच के बाद बंदी रक्षकों को भी नामजद किया जाएगा।
अस्थाई जेल के प्रभारी/तहसीलदार सदर धर्मेंद्र सिंह की ओर से गुरूवार को पुलिस को तहरीर दी गई। जिसमें जेल से फरार हुए बंदी कुलबीर उर्फ पंकज पुत्र रामकुमार निवासी जमालपुर, फरमान पुत्र मोहम्मद निसार रजा कलोनी कोतवाली देहात, अक्षय पुत्र होशियार सिंह निवासी टांडा माई दास और संजू पुत्र बाबूराम निवासी दौलताबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं अस्थाई जेल प्रभारी ने इसी रिपोर्ट में बंदी रक्षकों और पुलिसकर्मियों पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन बंदी रक्षकों या पुलिसकर्मी का रिपोर्ट में नाम नहीं खोला गया है। इस मामले की जांच के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के नाम भी रिपोर्ट में खोले जाएंगे।
अस्थाई जेल से फरार होने वाले चार बंदियों को नामजद किया गया है, जबकि ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षकों और पुलिसकर्मियों पर लापरवाही बरतने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद जो भी नाम सामने आएंगे उन्हें विवेचना में शामिल कर लिया जाएगा। -रमेश चंद्र शर्मा, प्रभारी कोतवाली नगर

