- पुलिस ने बस स्टाफ का चिकित्सीय परीक्षण कराया
- पुलिस बता रही आपसी रंजिश का मामला, लूट से इंकार
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नजीबाबाद-नगीना वाया बुंदकी मार्ग पर छोइया नदी की पुलिया के पास बस के आगे बुलेरो लगाकर बस को रुकवाकर चालक व परिचालक के साथ मारपीट की गयी। साथ ही बस में भी तोड़-फोड़ की गयी। चालक का आरोप है कि मारपीट करने वालों ने उससे तीन हज़ार व परिचालक से रुपए के बैग से नकदी लूट ली। चालक की ओर से पुलिस को तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस ने बस के स्टाफ का चिकित्सीय परीक्षण कराया। साथ ही पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मान रही है।
नजीबाबाद-नगीना वाया बुंदकी मार्ग पर छोइया नदी की पुलिया के समीप देहरादून से पुरनपुर (पीलीभीत) सवारियां लेकर जा रही बस संख्या डीएल 1पीबी- 7174 को कुछ लोगों ने बस के आगे दूसरा वाहन लगाकर रोक लिया। बस चालक अशफाक का कहना है कि बस को रोकने वाले लोगों ने उसके व परिचालक के साथ मारपीट की तथा बस में तोडफोड़ की।
जिससे बस काफी क्षतिग्रस्त हो गयी। चालक का आरोप हैं कि उक्त लोगों ने अशफाक से तीन हजार रुपए तथा परिचालक से करीब 40 हजार रुपए लूट लिए और चले गए। उसने इस मारपीट के दौरान किसी तरह खुद को बचाया। चालक अशफाक का कहना हैं कि मारपीट करने वालों में शामिल लोग देहरादून के ही निवासी हैं तथा वे भी बस चलाने का काम करते हैं।
हालांकि वह अपने व परिचालक के साथ मारपीट किए जाने और बस में तोडफोड़ करने की कोई वजह नहीं बताई है। उसने पुलिस को घटना की तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने चालक व परिचालक का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पुलिस ने यात्रियों को दूसरी बस से अपने गन्तव्य भेजा।
उधर, थाना कोतवाली प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि चालक व परिचालक के साथ लूटपाट नहीं हुयी है। किसी रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट व बस में तोडफोड़ की गयी है। दोनों बस चालक इसी रूट देहरादून से पुरनपुर (पीलीभीत)पर बस लेकर चलते हैं। मामले की जांच की जा रही है।

