जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने नगर के चौधरी चरण सिंह चौक पर कृषि कानूनों की प्रतियां फूंककर विरोध जताया। केंद्र सरकार द्वारा किसानों और कृषि को लेकर कुछ माह पूर्व तीन कृषि कानून बनाए गए हैं।
सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों का किसान संगठनों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। बुधवार को नगर के चौधरी चरण सिंह चौक पर इकट्ठा हुए भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने कृषि कानूनों की प्रति फूंक कर अपना विरोध जताया। भकियू नेताओं ने कहा कि सरकार मनमानी पर उतारु है।
किसानों से बिना पूछे ही केंद्र सरकार द्वारा कृषि सुधार के नाम पर तीन बिल लाकर थोप दिए गए। जबकि किसानों को इन कानूनों की कोई आवश्यकता नहीं है। लेकिन मनमानी पर उतारु सरकार जबरदस्ती किसानों पर कानून थोपने पर लगी है जिसे किसान संगठन बर्दाश्त नहीं करेंगे। भकियू नेताओं ने कहा कि स्थनीय सड़कों पर जाम लगाने के बाद किसान संगठनों ने दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों को एक माह से जाम कर रखा है।
विरोध कर रहे किसान संगठनों के नेता सरकार से बिल वापस लेने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों की पीड़ा नही समझ रही है। किसान यूनियन नेताओं ने कहा कि किसान सरकार के कृषि सुधार संबंधी कानूनों को किसी भी कीमत पर नहीं मानेंगे।
सरकार ने यदि जल्दी ही किसानों की मांग नहीं मानी तो किसान संगठन उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। कृषि बिल की प्रतियां फूंकने वालों में लुधियान सिंह, शीशराम सिंह, रामपाल सिंह, संसार सिंह, योगेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, खुशपाल सिंह आदि भाकियू नेता मौजूद रहे।

