- नवरात्र के पहले दिन शुरू हुआ एंटी रोमियो स्क्वाड
- महिला पुलिस ने गर्ल्स कॉलेज में पहुंचकर छात्राओं से किया सीधा संवाद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नवरात्र के पहले दिन प्रदेश के हर जिले में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वाड का बड़ा अभियान शुरू हो गया है। इसके तहत स्कूल, कॉलेजों, बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस ने गश्त किया और छेड़छाड़ करने वालों को सचेत किया। शहर में इसकी शुरुआत बच्चा पार्क से की गई। एसपी सिटी विनित भटनागर के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियों के साथ अभियान की शुरुआत की गई।
प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष नवरात्र के पहले दिन मिशन शक्ति के नाम से महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा दिलाने के लिए अभियान चलाया गया था। अब दोबारा प्रदेश में योगी सरकार आने से फिर से मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वाड एक्टिव हुआ है। यह अभियान पूरे 100 दिन तक चलेगा। पुलिसकर्मियों ने स्कूल कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग की। सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मुहैया कराने की बात कह चुके हैं।
एंटी रोमियो स्क्वाड अभियान की शुरुआत के साथ-साथ प्रदेशभर में एक हजार से ज्यादा पिंक बूथ बनाएं जाएंगे। महिला अगर किसी वाहन का इंतजार कर रही हो और उसे समय लग रहा है तो वह पास में बने पिंक बूथ में बैठ सकती है। इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा। समय-समय पर स्कूल-कॉलेज की छात्राओं से पुलिस संवाद भी करेगी। युवतियों पर कमेंट करने और छेड़छाड़ करने वालों शोहदों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसकर्मियों संग छात्राओं ने ली सेल्फी
शहर में पुलिस ने शहरभर में मार्च किया। स्कूटी पर सवार महिला पुलिस कर्मियों ने स्कूलोें में पहुंचकर छात्राओं की समस्या सुनी और उन्हें अपने मोबाइल नंबर भी दिए। महिला सुरक्षा कर्मियों को अपने बीच पाकर छात्राओं में खुशी देखी गई। उन्होंने उनके साथ सेल्फी भी ली। एसपी सिटी विनित भटनागर ने बच्चा पार्क से 100 दिन के अभियान की शुरूआत करते हुए महिला पुलिस कर्मियों के दल को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान सीओ कोतवाली और सिविल लाइन समेत महिला थाना प्रभारी मोनिका जिंदल समेत जिले के हर थाने से दो-दो महिला पुलिसकर्मी शामिल हुई।
गर्ल्स कॉलेजों में पहुंची महिला पुलिस, दिए मोबाइल नंबर
शनिवार को महिला पुलिस कर्मियों की एक टीम शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में गई और वहां जाकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को अपने मोबाइल नंबर भी दिए और कहा कि यदि कोई छेड़खानी करे तो वह उन्हें सीधे सूचना दे वह तुरंत कार्रवाई करेगी।

बता दें कि शनिवार को चैत्र नवरात्र के पहले दिन पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला कॉलेजों के बाहर एंटी रोमियों अभियान चलाया। बुढ़ाना गेट स्थित इस्माईल गर्ल्स पीजी कॉलेज में सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया के निर्देशन में महिला पुलिस की टीम ने छात्राओं से बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि यदि उनके साथ यदि कोई छेड़छाड़ या फिर किसी प्रकार की अभद्रता होती है तो उनसे तुरंत सपंर्क करे ऐसे तत्वों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
आरजी पीजी और आरजी इंटर कॉलेज के बाहर भी एंटी रोमियों अभियान चलाया गया। जिसमें छात्राओं द्वारा मोबाइल से वीडियो बनाने पर महिला पुलिस कर्मियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि केवल मोबाइल से वीडियो बनाने से कुछ नहीं होता है अपनी सुरक्षा के प्रति गंभीर होना जरुरी है। मोबाइल में हेल्पलाइन नंबर की जानकारी रखों ताकि वह जरूरत पड़ने पर काम आ सके। महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को 1090, डॉयल 100 हेल्पलाइन की जानकारी भी दी।

