जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोविड-19 के चलते सत्र 2020-21 के लिए अभी तक एक भी दिन विद्यालय नहीं खुल सके है। फिजिकल रूप से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो सकी है। कक्षाएं आॅनलाइन और वाट्सऐप ग्रुप से संचालित हो रही हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं की बड़ी सहूलियत देते हुए सीबीएसई ने 30 फीसद कोर्स कम करने के बाद अब परीक्षा के पैर्टन में भी बड़ा बदलाव किया है। सीबीएसई ने प्रश्नपत्रों में एक अंक के प्रश्नों की संख्या बढ़ा दी है। जिससे बच्चों पर पढ़ाई को लेकर अधिक दबाव न हो। पूरा प्रश्नपत्र 70 नंबर का होगा।
विज्ञान वर्ग के प्रत्येक प्रश्नपत्र में पूछे जाएंगे कुल 33 प्रश्न
बायोलॉजी: सेक्शन-ए में एक नंबर के 14 प्रश्न होंगे। केस स्टडी पर आधारित दो प्रश्न, चार-चार नंबर के होंगे। केस स्टडी में एक-एक नंबर के पांच प्रश्न होंगे, जिसमें से चार करने होंगे। सेक्शन-बी में दो नंबर वाले नौ प्रश्न होंगे। सेक्शन-सी में तीन नंबर के पांच प्रश्न, सेक्शन-डी में पांच नंबर वाले तीन प्रश्न होंगे।
बायोटेक्नोलॉजी: सेक्शन-ए में एक नंबर वाले 14 प्रश्न होंगे। केस स्टडी के दो प्रश्न, चार-चार नंबर के। सेक्शन-बी में दो नंबर वाले नौ, सेक्शन सी में तीन नंबर पाले पांच प्रश्न, सेक्शन-डी में पांच नंबर वाले तीन प्रश्न होंगे।
फिजिक्स: सेक्शन-ए में एक नंबर के 14 प्रश्न होंगे। सेक्शन-बी में केस स्टडी पर आधार दो प्रश्न चार-चार नंबर के, सेक्शन-सी में नौ प्रश्न दो-दो नंबर के, तीन वैकल्पिक होंगे। सेक्शन-डी में पांच प्रश्न तीन नंबर के दो वैकल्पिक होंगे। सेक्शन ई-में तीन प्रश्न लांग प्रत्येक पांच नंबर प्रत्येक में वैकल्पिक होंगे।
यूपी बोर्ड: अब 16 अक्टूबर तक जमा होंगे परीक्षा फॉर्म
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी यूपी बोर्ड की ओर से मंगलवार को 10वीं, 12वीं के छात्रों का परीक्षा फॉर्म की तिथि को कोरोना महामारी को देखते हुए आगे बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में सचिव दिव्यकांत शुक्ल की ओर से मंगलवार को तीसरी बार अंतिम तिथि बढ़ाने का आदेश जारी किया गया।
अब लेट फीस के साथ 10वीं, 12वीं के छात्र-छात्राओं के परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर है। स्कूलों के प्रधानाचार्य कोषागार में जमा शुल्क की सूचना तथा छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों को 16 अक्टूबर की रात 12 बजे तक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। आॅनलाइन अपलोड किए गए छात्र-छात्राओं के विवरण में जांच के बाद यदि कोई संशोधन वांछित है तो 17 अक्टूबर से 25 अक्टूबर की रात 12 बजे तक प्रधानाचार्य करेंगे।
इस दौरान नये छात्र का विवरण अपलोड या स्वीकार नहीं होगा। प्रधानाचार्य संबंधित छात्र की फोटोयुक्त नामावली एवं कोषपत्र की प्रति 30 अक्टूबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा करेंगे जिसे संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को भेजा जाएगा। कक्षा नौवीं व 11वीं के छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि भी बढ़ाने का प्रस्ताव गया है जो जल्द मंजूर होने की उम्मीद है।

