जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: देश की राजधानी दिल्ली में 17 छात्राओं के यौन शोषण के मामले में वांछित चल रहे आरोपी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ स्वामी पार्थ सारथी को आखिरकार आगरा के ताजगंज इलाके में एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने शनिवार रात 11 घंटे की निगरानी के बाद आरोपी को होटल ‘द फर्स्ट’ के कमरा नंबर 101 से दबोचा।

सख्त नियम, फिर भी नापाक मंसूबे
होटल में चेक-इन करते ही आरोपी ने हाउसकीपिंग स्टाफ को सख्त निर्देश दिए बिना अनुमति कमरे में प्रवेश न करें। जो नहाया न हो, वो कमरे में न आए। चप्पल उतार कर ही कमरे में प्रवेश करें। इन नियमों के चलते होटल स्टाफ को उस पर शक नहीं हुआ और वह आराम से कमरा नंबर 101 में छिपा रहा।
चालक के संपर्क में था बाबा, फलाहार और व्रत का दिखावा
स्वामी होटल में रहते हुए भी अपने टैक्सी चालक टीटू के लगातार संपर्क में था। रात 8 बजे व्हाट्सएप कॉल के जरिए फलाहार मंगवाया गया। बाद में कुट्टू की पूरी और व्रत की सब्जी की डिमांड आई। होटल स्टाफ ‘देवा’ के अनुसार, खाना होटल से बाहर के रेस्टोरेंट से मंगवाया गया। बिल का भुगतान नहीं किया गया। बाद में जब बिल मांगा गया तो पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया “दिल्ली आकर ले जाना।”
फर्जी दस्तावेज़, बैंक से निकाले ₹50 लाख
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी ने दिल्ली से फरार होकर आगरा का रुख किया। बैंक खाते से 50 लाख रुपये निकाले। खाता खोलने के लिए अलग-अलग पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।
अदालत में पेशी: पुलिस हिरासत बनाम न्यायिक हिरासत
आरोपी के वकील ने अदालत में तर्क दिया कि आरोपी मधुमेह से पीड़ित है। उसके वस्त्र और डिवाइसेज़ पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। न्यायिक हिरासत में भेजा जाए।
वहीं पीड़ित पक्ष के वकील ने कहा कि आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहा। उसने iPad और iCloud के पासवर्ड नहीं बताए। पीड़िताओं के बयानों से सामना जरूरी है — इसलिए पुलिस हिरासत में भेजा जाए।
28 किताबों का लेखक या धोखेबाज़?
आरोपी ने दावा किया है कि उसने शिकागो यूनिवर्सिटी से MBA और PhD की है। 28 किताबें और 143 रिसर्च पेपर लिखे हैं। स्टीव जॉब्स और बराक ओबामा ने उसकी पुस्तकों की तारीफ की है।
किताब “Forget Classroom Learning” में स्टीव जॉब्स की कथित प्रस्तावना है।
किताब “Transforming Personality” को ओबामा ने चुनावी भाषणों में उद्धृत किया बताया गया है। हालांकि, अब यह सब छलावा और भ्रम प्रतीत हो रहा है।
कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?
दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार को सूचना मिलने के बाद आगरा पहुंची और सीधे होटल के कमरे में दबिश दी।
सिर्फ 15 मिनट की पूछताछ के बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर दिल्ली रवाना कर दिया गया।

