वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: अन्य प्रदेशों में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए जनपद में सतर्कता बढ़ा दी गयी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देश पर जनपद में टारगेट सैम्पलिंग की जा रही है, यह 27 मार्च तक अनवरत चलेगी। जनपद में टारगेट सैम्पलिंग 13 मार्च से शुरू की गयी थी।
13 से 16 मार्च तक करीब 5240 लोगों की कोविड जांच की गयी, जिसमें एन्टीजन से 2871 व आरटीपीसीआर से 2369 लोगों की जांच की गयी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बीएस सोढ़ी ने गुरुवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन तथा रोडवेज बस स्टैण्ड पर अन्य जिलों से आ रहे यात्रियों के कोविड-19 की जांच के लिए सैम्पल लिये जा रहे हैं। अब तक करीब 399 लोगों की यहां जांच की जा चुकी है, जिसमें 199 आरटीपीआर तथा 200 एन्टीजन जांच की गयीं।
रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेण्ड पर ज्यादा सतर्कता, बाहर से आने वाले यात्रियों की जा रही है कोविड जांच
कोविड संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है, अब भी सतर्कता जरूरी : सीएमओ
उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए सतर्कता बरतना न छोंड़ें। उन्होंने आम लोगों का आह्वान किया है कि वह कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करें। भीड़-भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा मास्क का नियमित प्रयोग करें। कम से कम लोगों से हाथ मिलायें व बार-बार हाथ धोने की आदत डालें।
बीमारी के लक्षण जैसे बुखार,सर्दी जुकाम, खांसी, खराश, बदन दर्द, आदि महसूस हो तो तुरन्त सरकारी अस्पताल में चिकित्सक से सम्पर्क करें। नाक मुंह पर कपड़ा-टिशु पेपर रखकर छींकने एवं खांसने की आदत डालें, कपड़े को डिटरजेंट से धोयें, एवं धूप में सुखायें दूसरे कपड़ों से अलग रखें, फ्लू होने की स्थिति में घर पर आराम करें तथा वातार्लाप के समय दूरी बनाये रखें, ताकि थूक आदि के कण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक न पहुंचें।
डा. सोढी ने कहा कि जहां तक सम्भव हो भीड़ भाड़ वाले स्थान जैसे माल्स, सिनेमा घर, पार्क, रेलवे स्टेशन, मेला, पार्टी, होटल, आदि में न जायें। अनावश्यक यात्रा न करें। किसी पॉजिटिव के सम्पर्क में आने से बचें। किसी भी व्यक्ति जिसे जुकाम, खांसी, बुखार हो बिना मास्क लगाये उसके करीब न जाएं।

