- कोरोना संक्रमण के बचाव व संचारी रोग दस्तक अभियान
- प्रति गांव-गांव, शहर-शहर जाकर लोगों को करेगी जागरूक
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: गुरूवार को कलक्ट्रेट से एलईडी वैन को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यह वैन गांव-गांव व शहर-शहर जाकर लोगों को कोरोना वायरस व संचारी रोगी दस्तक अभियान के तहत जागरूक करेंगी।
कोरोना वायरस से बचाव के तरीकों के संबंध में जागरूकता फैलाने के साथ ही प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों व विशेष निर्णय, संचारी रोग नियंत्रण अभियान वेक्टर जनित बीमारियों से जनपद वासियों को बचाने के उद्देश्य से 15 दिन के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग लखनऊ से आई एलईडी वेन को कलक्ट्रेट से डीएम शकुन्तला गौतम ने हरी झंडी दिखाकर गांव व शहर के लिए रवाना किया।
डीएम के निर्देशन में कोविड-19 के विभागीय अधिकारियों, नगर निकाय, पंचायत राज, स्वास्थ्य विभाग के द्वारा व्यापक स्तर पर विभिन्न माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किये जा रहे है, ताकि सभी जनपद वासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण एवं वेक्टर जनित बीमारियों से सुरक्षित बनाकर रखा जा सकें।
डीएम ने निर्देश दिए कि डीपीआरओ व जिला मलेरिया अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा उनकी विभागीय स्वच्छता टीम के द्वारा गांव, शहर में व्यापक प्रचार प्रसार, कोरोना संक्रमण के व साफ-सफाई के प्रति लोगों को दिन प्रतिदिन जागरूक किया जाएगा।
यह वैन 15 दिनों तक कंटेंटमेंट क्षेत्र, शहर के प्रमुख चौराहे पर कोविड-19 के दृष्टिगत व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा कि अपने घर से निकलते समय मास्क अवश्य लगाएं, 2 गज की दूरी मेंटेन करें अपने हाथों को समय-समय पर सैनिटाइज करते रहे, हाथों को अच्छी तरह से साबुन से धोते रहें और साफ सफाई का ध्यान रखें। इस दौरान एडीएम अमित कुमार सिंह मौजूद रहे।