जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार: जिलाधिकारी, हरिद्वार सी0 रविशंकर ने हरकी पैड़ी सौन्दर्यीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सर्वप्रथम रोड़ी बेलवाला पहुंचे, जहां कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को योजना की जानकारी दी तथा उससे सम्बन्धित कागजात भी दिखाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीकृत डीपीआर पर कार्य करने में कोई दिक्कत नहीं है। अगर कुम्भ के समय भीड़ नियंत्रित करने के लिये रोड़ी वेलवाला में बैरिकेड लगाये जायेंगे, तो घास को जो क्षति होगी, उसकी प्रतिपूर्ति करने का कार्यदायी संस्था को प्रमाण पत्र देना होगा।
रोड़ी बेलवाला के पश्चात जिलाधिकारी ने हरकीपैड़ी का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान हरकीपैड़ी पर भूमिगत केबिल बिछाने की वजह से जगह-जगह चैम्बर खुले हुये थे, जिनमें जिलाधिकारी ने यथाशीघ्र बने हुये चम्बरों के ढक्कन लगाने के निर्देश दिये।
पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी कुम्भ व श्रद्धालुओं को दृष्टिगत रखते हुये कार्यदायी संस्था को कुछ संशोधन बताये हैं, जिन्हें कार्यदायी संस्था यथाशीघ्र ठीक करेगी।
निरीक्षण के दौरान प्रदीप झा, गंगा सभा के अध्यक्ष, तन्मय वशिष्ठ, महामंत्री, सिद्धार्थ चक्रपाणी, उज्ज्वल पण्डित, श्री आशुतोष शर्मा, ओम प्रकाश जमदग्निक, सांसद प्रतिनिधि, सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस अधीक्षक, कुम्भ सहित जन-प्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
डीएम ने बैठक ली
हरिद्वार: जिलाधिकारी, हरिद्वार सी0 रविशंकर की अध्यक्षता में आज कैम्प कार्यालय में खड़खड़ी विद्युत शवदाह गृह निर्माण के सम्बन्ध में एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से जिलाधिकारी ने खड़खड़ी विद्युत शवदाह गृह निर्माण के सम्बन्ध में अब तक हुई प्रगति के बारे में पूछा तो अधिकारियों द्वारा सन्तोषजनक जवाब नहीं दिये जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी प्रकट की।
उन्होंने कहा कि बजट जारी होने के बावजूद अभी तक आप लोगों ने टेण्टर की प्रक्रिया क्यों नहीं की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अगर तीन तीन के भीतर टेण्डर की प्रक्रिया गतिमान नहीं होती है, तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इस अवसर पर नगर निगम, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।