- मुठभेड़ में घायल बदमाशों के तीन साथी फरार, बदमाशों से हथियार बरामद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेडिकल पुलिस ने ऊन व्यापारी को लूटने के लिये जा रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ में गोली मारकर घायल कर दिया। इन बदमाशों के तीन साथी फरार हो गए। घायल बदमाशों के पास से दो मोबाइल, बाइक और तमंचे आदि बरामद किये गए हैं।
थानाध्यक्ष मेडिकल प्रमोद गौतम ने बताया कि जब जाग्रति विहार एक्सटेंशन के पास चेकिंग कर रहे थे तभी कीर्ति पैलेस की तरफ से दो बाइक पर सवार बदमाशों को पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर दोनों बाइकों पर सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गये और उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये। पुलिस द्वारा फरार बदमाशों की कांबिंग की जा रही है। घायल बदमाशों से पूछताछ पर पता चला कि उक्त दोनों बदमाश अपने साथियों के साथ मिलकर गोलाकुआं के ऊन व्यापारी से लूट करने के लिए जा रहे थे।
दोनों बदमाशों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी दिल्लू उर्फ दिलशाद, जोकि ठेला चलाने का काम करता है, की सूचना पर उक्त व्यापारी को लूटने की योजना बनाई थी। इसके अलावा इन बदमाशों द्वारा थाना टीपीनगर क्षेत्र के बड़े टायर व्यवसायी को भी लूटने का इरादा था।
जिसकी सूचना उक्त व्यापारी के यहां पूर्व में काम करने वाले हसनैन उर्फ हननैन ने दी थी। जिसके लिए इन बदमाशों द्वारा करीब 25 दिन से उक्त दोनों व्यापारियों की रैकी की जा रही थी। बदमाशों द्वारा दोनों व्यावसायियों के दुकान पर आने का समय एवं दुकान से वापस घर जाने के समय पर यह लोग स्कूटी और बाइक से पीछा करके उनके आने-जाने का रास्ता व समय आदि पर निरंतर निगाह रख रहे थे।
जिसमें टायर व्यापारी के यहां पर पूर्व में काम करने वाले हसनैन ने उनके यहां काफी रुपया मिलने की सूचना इस गैंग को दी थी। इस गिरोह का सरगना दानिश पुत्र खालिद है, जो बिना पढ़ा लिखा है। उसने इन लूटों को अंजाम देने के लिए अलग-अलग समय पर स्कूटी, स्पलेंडर बाइक, पल्सर बाइक आदि से दोनों व्यापारियों के ठिकानों पर रैकी की थी।
इस गिरोह का इरादा दोनों व्यापारियों को शाम को दुकान बंद करने के बाद घर जाते समय रास्ते में रोककर लूटने का था। इसके लिए इन्होंने अपने एक साथी से 32 बोर की पिस्टल एवं तमंचे भी मंगा लिए थे। इसके लिए पूरा गिरोह एकदम तैयार था, किंतु पुलिस की लगातार गश्त, चेकिंग के चलते ये बदमाश अपनी योजना को अंजाम नहीं दे पा रहे थे। इसलिए इन्होंने अपना खर्चा चलाने के लिए माधवपुरम क्षेत्र में स्कूटी सवार एक व्यक्ति से तमंचे के बल पर मोबाइल लूट लिया था।

