- प्रदूषण विभाग की असिस्टेंट इंजीनियर ने कैंप में दी जानकारी
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शामली इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग के साथ एक प्रदूषण जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में प्रदूषण विभाग की असिस्टेंट इंजीनियर ने प्रदूषण के बारे में जानकारी देकर प्रदूषण के नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इस दौरान 56 उद्यमियों की इंडस्ट्रीज के एनओसी/ कंसेंट के लिए रजिस्ट्रेशन किए गए।
शनिवार को कैराना रोड स्थित एक रेंस्टोरेंट में इंडस्ट्रियल एसोसिएशन द्वारा प्रदूषण जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित गोयल ने कहा कि कोरोना काल में उद्योगों की हालत बहुत खराब है। प्रदूषण के नाम पर किसी भी उद्यमी का उत्पीड़न न पाए इसलिए कैंप लगवाया गया है।
इस अवसर पर प्रदूषण विभाग की असिस्टेंट इंजीनियर दीपा अरोड़ा ने सभी उद्यमियों को जल, वायु तथा ध्वनि प्रदूषण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों को बताया कि प्रदूषण सम्बंधी क्या-क्या नियम सभी फैक्ट्रियों को अपनाने चाहिए। उन्होंने उद्यमियों से प्रदूषण सम्बंधी नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
प्रदूषण विभाग के अधिकारी नीरज मित्तल ने सभी उद्यमियों व उनके एकाउंटेंट्स को आनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं फीस की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक व साइमा के संरक्षक अशोक बंसल ने कहा की इस प्रकार के कैंपों से उद्यमियों को बड़ा फायदा मिलता है और उनका उत्पीड़न होने से बचता है। कार्यक्रम को मोहित जैन, अशोक मित्तल, अनुज गर्ग, अमित जैन व निखिल ऐरन ने संबोधित किया।
इस अवसर पर एडीवी रिम धूरा एसोसिएशन के अध्यक्ष परविंद जैन, कमल गोयल, डा. विनोद बिंदल, आशीष अग्रवाल, भारत मित्तल, सुधाकर आर्य, रोहित गर्ग, मुकेश जिंदल, सचिन गर्ग, सनी गोयल, सार्थक गोयल, गौरव गोयल, मनीष कुमार, सुधीर आर्य, वेद प्रकाश आर्य, सत्य प्रकाश आर्य, मुकेश जांगिड़ आदि उद्यमी उपस्थित रहे।