Sunday, February 8, 2026
- Advertisement -

Meerut News: कांवड़ मार्ग की चप्पे-चप्पे पर निगेहबानी

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: सावन मास की शिवरात्रि पर से पूर्व कांवड़ यात्रा को सशकुल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। मुजफ्फनगर से मोदीनगर की सीमा तक के 42 किमी कांवड़ मार्ग को जहां चार सुपर जोन तथा 40 जोन में बांटा गया है, वहीं पूरे कांवड़ मार्ग पर तिसरी नजर का पहरा रहेगा। इसके लिए हाई क्वालिटी के ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरे से निगेहबानी की जाएगी।

एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि सावन मास आगामी 11 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है इसलिए उसी रात को पुलिस फोर्स कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए सड़कों पर मुस्तैद हो जाएगा। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जनपद को 6 सुपर जोन, 24 जोन तथा 68 सेक्टर में बांटा गया है। पिछले साल जोन 22 व सेक्टर 63 थे, इनमें अबकी बार क्रमश: 2 व 5 की वृद्धि की गई है। सुपर जोन के प्रभारी एएसपी, जोन के क्षेत्राधिकारी तथा सेक्टर के निरीक्षक व उप निरीक्षक रहेंगे। इसके अलावा एनएच-58 के मुजफ्फरनगर सीमा पर सकौती टांडा से लेकर गाजियाबाद के मोदीनगर से सटे परतापुर तक के 42 किमी लंबाई के कांवड़ मार्ग को चार सुपर जोन व 40 जोन में बांटा गया है। एक सुपर जोन 10.250 किमी का होगा। साथ ही, हाई क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे तथा ड्रोन से निगरानी की जाएगी। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर के स्पष्ट निर्देश हैं कि कांवड़ ड्यूटी में पुलिसकर्मी व्यवहार कुशल रहें। इसलिए अच्छे व्यवहार के लिए पुलिस कर्मियों को शॉर्ट स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है।

तीन पुलिस और एक ट्रैफिक कंट्रोल रूम

एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए शहरी क्षेत्र में तीन पुलिस तथा एक ट्रैफिक कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। पुलिस कंट्रोल रूम मोदीपुरम, बेगमपुल तथा औघड़नाथ मंदिर तथा ट्रैफिक कंट्रोल रूम अलग से बनाया जाएगा। एसपी के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात से संबंधित किसी तरह की समस्या के लिए मोबाइल नंबर-9454404000 पर संपर्क किया जा सकेगा।

10 फीट ऊंचाई का ही डीजे

एसपी ट्रैफिक ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पहले जहां 12 फीट ऊंचाई व 14 फीट चौड़ाई के डीजे की बात की जा रही थी, अब उसकी ऊंचाई दो फीट कम कर 10 फीट कर दी गई। जबकि चौड़ाई 14 फीट ही रहेगी। साथ ही, डीजे पर संगीत 75 डेसिबल से अधिक नहीं बजाया जा सकेगा। झारखंड, पश्चिमी बंगाल व पूर्वांचल के कांवड़ यात्रा में आने वाले डीजे संचालकों से आदेश का अनुपालन कराने के लिए वहां के जिलाधिकारी से संपर्क नोटिस तामिल कराए गए हैं। जनपद में सिवाया टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले ही बड़े डीजे संचालकों से थानेदार के माध्यम से संवाद किया जाएगा।

सड़क किनारे से 30 फीट अंदर शिविर

कांवड़ यात्रा के दौरान जाम तथा सड़क हादसों से बचाव के लिए कांवड़ शिविर समितियों के पदाधिकारियों को शिविर सड़क किनारे से 30 मीटर की दूरी पर लगाने के लिए कहा गया है। साथ ही, ऐसे स्थान पर कांवड़ शिविर न लगाएं जहां ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है।

शिवभक्त रेंज में करेंगे 540 किमी की पैदल यात्रा

हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थानों से गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों के लिए जाने वाले शिवभक्त कांवड़ियां मेरठ रेंज में 540 किमी की पैदल यात्रा करेंगे। रेंज में कांवड़ियों के ठहरने के लिए 838 स्थानों पर विशेष व्यवस्था रहेगी। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि परिक्षेत्र के मेरठ, बुलंदशहर, बागपत व हापुड़ मे 540 किमी का कांवड़ मार्ग है। इस मार्ग पर 10 टोल प्लाजा तथा 119 स्थलों पर बैरियर लगाए जा रहे हैं। इनमें मेरठ में 25, बुलंदशहर में 25, बागपत में 51 एवं हापुड में 18 स्थल पर बैरियर लगाए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने तथा कानून व्यवस्था के मद्देनजर रेंज को 57 जोन व 155 सेक्टर में बांटा गया है।

साथ ही, 19 अपर पुलिस अधीक्षक, 54 सीओ, 265 निरीक्षक, 1823 उप निरीक्षक, 2574 हेड कांस्टेबल, 2860 कांस्टेबल, 1166 महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तथा यातायात पुलिस के 12 निरीक्षक, 117 उप निरीक्षक, 175 हेड कांस्टेबल व 394 कांस्टेबल तथा पीएसी की 20 कम्पनी, सीएपीएफ की पांच कम्पनी ड्यूटी लगाया जाना प्रस्तावित है। डीआईजी ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए ड्यूटी में लगे फोर्स के लिए कावड़ मार्ग के आसपास 184 रुकने के स्थान बनाए गए हैं। इसके अलावा कांवड़ियो के ठहरने व विश्राम को कांवड़ मार्ग पर 838 शिविर स्थापित होगें। इनमें जनपद मेरठ मे 464, बुलंदशहर में 176, बागपत में 90 एवं हापुड़ में 108 शिविर लगाया जाना प्रस्तावित है। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले 184 मिश्रित आबादी क्षेत्र जिनमें मेरठ में 64, बुलंदशहर में 59, हापुड में 52 एवं बागपत में 09 क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं। श्रावण मास में पुरा महादेव मंदिर, बागपत पर लगभग 20 लाख, बाबा औघड़नाथ मंदिर मेरठ पर चार लाख,

ब्रजघाट हापुड पर चार लाख, अम्बकेश्वर महादेव मन्दिर अहार बुलन्दशहर पर 70 हजार तथा सबली मंदिर हापुड पर करीब 50 हजार श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक करने की संभावना है।

सर्पदंश के शिकार कांवड़ियों के लिए 3000 एंटी वेनम डोज सुरक्षित

कांवड़ यात्रा के लिए जहां प्रशासन तमाम तरह की तैयारियों में जुटा है तो चिकित्सा विभाग ने भी शिवभक्तों के लिए नई शुरुआत करने की तैयारी कर ली है। पहली बार कांवड़ यात्रा के दौरान भोलों की मदद के लिए बाइक एंबुलेंस की तैनाती की जा रही है। वहीं, कांवड़ यात्रा में यदि कोई भी शिवभक्त सर्पदंश का शिकार होता है तो उसके लिए 3000 एंटी वेनम डोज सुरक्षित रखी गई हैं।

11 जुलाई से कांवड़ यात्रा की शुरुआत होने जा रही है, जिसको लेकर कांवड़ियों की सुविधा के लिए हर विभाग तत्पर है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग भी जोरदार तैयारियों में जुटा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए इस बार बाइक एंबुलेंस चलाने का फैसला किया है। क्योंकि कांवड़ यात्रा में श्रद्धा का सैलाब उमड़ता है, इस दौरान कभी भी किसी कांवड़ियों को अगर कोई परेशानी हुई या किसी की तबीयत खराब हुई तो एंबुलेंस को वक्त पर पहुंचने में भी खासी मशक्कत करनी पड़ती है। इसको ध्यान में रखते हुए इस बार बाइक एंबुलेंस का सहारा लिया जा रहा है। यानि बाइक पर ही स्वास्थ्य संबंधी सारी किट मौजूद रहेगी। डॉक्टर कांवड़ियों के पास किसी मुसीबत में तत्काल पहुंच सकेंगे। सावन के महीने में सांप निकलने की संभावना रहती है, साथ ही कई बार सांप के डसने की भी शिकायत आती है।

ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने 3000 एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन को जिला अस्पताल स्थित वैक्सीन स्टोर सेंटर में सुरक्षित रखवाया है। सर्पदंश से बचाव के लिए जिले के सभी कांवड़ मार्गो पर जगह-जगह चिकित्सा कैंप भी लगाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया बताया कि चौबीस 108 एम्बुलेंस, निजी अस्पताल से तीस एंबुलेंस के अलावा सात दो डॉक्टरों की टीमों वाली बाइक एंबुलेंस कांवड़ यात्रा में मौजूद रहेंगी। सभी सीएचसी, पीएचसी को अलर्ट कर दिया गया है। जिनमें 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी साथ ही अलग अलग चिकित्सालयों में कांवड़ियों के लिए 50 बेड की व्यवस्था रहेगी।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Delhi News: दिल्ली में दर्दनाक हादसा, 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर युवक की मौत

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: यह सिर्फ एक तस्वीर नहीं,...

Mathura Accident: मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर भयानक सड़क हादसा, छह यात्रियों की मौत

जनवाणी ब्यूरो | यूपी: मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार...
spot_imgspot_img