- बड़ौत पुलिस पर हरियाणा के किसानों से मिले होने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: कोतवाली बड़ौत क्षेत्र के गांव टांड़ा के ग्रामीणों का आरोप है कि बड़ौत पुलिस उन्हें खेतों में कार्य नहीं करने दे रही है और यदि वह खेतों में काम करने जाते हैं तो उन्हें वहां से भगा देती है। किसानों का आरोप है कि चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी हरियाणा के किसानों से मिले हुए हैं और उनकी जमीन पर हरियाणा के किसानों का कब्जा कराना चाहते हैं। किसानों ने सोमवार को इस संबंध में एसपी आफिस में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी पुलिस कर्मियों के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
टांड़ा के किसानों के अनुसार उनकी करीब 604 हेक्टर जमीन हरियाणा में है। दीक्षित अवार्ड के अनुसार यह जमीन उनके नाम दर्ज हो चुकी है। चंड़ीगढ़ हाईकोर्ट ने भी उनके पक्ष में निर्णय दिया है । उनका आरोप है कि चौकी पुलिस प्रधानपति के इशारे पर कार्य कर रही है और उन्हें उनके खेतों में काम नहीं करने दे रही है। आरोप है कि यदि किसान खेतों में काम करने जाते हैं तो पुलिस उन्हें लाठियां भांजकर उन्हें भगा देती है।
किसानों का आरोप है कि पुलिस ने हरियाणा के किसानों से भी सांठगांठ की हुई है और वह उनकी जमीन का हरियाणा के किसानों का कब्जा कराना चाहती है। किसानों ने सोमवार को इस संबंध में एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी पुलिस कर्मियों के विरूद्ध कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। इस अवसर पर मंसूर अली, धर्मवीर, जयपाल, इरफान, गय्यूर, सत्यपाल, सुकर्मपाल , अय्यूब, तासिम व मुनशब आदि दर्जनों किसान मौजूद थे।

