Home Uttarakhand News Dehradun कमांडो ट्रेनिंग के दौरान गढ़वाल राइफल्स के सैनिक की मौत

कमांडो ट्रेनिंग के दौरान गढ़वाल राइफल्स के सैनिक की मौत

0
612

जनवाणी ब्यूरो |

देहरादून/ चमोली: पंजाब के भटिंडा में तैनात 19 गढ़वाल राइफल के जवान सूरज बिष्ट की कमांडो ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई। वहीं एसएसबी कलढुंगा चामीगाड़ में तैनात जवान अचानक लापता हो गया है।

कमांडो ट्रेनिंग के लिए गए सूरज सीमांत जनपद चमोली के नारायणबगड़ विकासखंड स्थित कंशोला गांव के निवासी थे। सूरज की मौत से गांव में मातम पसर गया।

गांव के प्रधान विक्रम सिंह ने बताया कि सेना के अधिकारियों ने स्वजन को सूरज बिष्ट की मौत की सूचना दी। कंशोला गांव निवासी सूरज बिष्ट वर्ष 2018 में सेना में भर्ती हुआ था।

सूरज के पिता करण सिंह वर्तमान में सूबेदार के पद पर असम राइफल में कार्यरत हैं। सूरज बिष्ट तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका बड़ा भाई पंकज भी आर्मी में सेवारत है। सूरज बिष्ट की मौत की खबर सुनते ही समूचे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रधान विक्रम सिंह ने बताया कि सूरज ने अपनी इंटर तक की शिक्षा राजकीय इंटर कालेज गडकोट से की और स्वजन गांव में ही रहते हैं। उनका दूसरा भाई नीरज दिल्ली में निजी कंपनी में सेवारत है। शुक्रवार शाम हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही इन दिनों अवकाश पर आए बडे़ भाई पंकज ने किसी तरह माता को ढ़ांढ़स बंधाया।