- अभिनंदन समारोह में स्वागत से हुए अभिभूत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र तोमर गुरुवार को क्रांतिधरा पर पहुंचे। सर्वप्रथम पत्नी और पुत्र के साथ डा. सोमेन्द्र तोमर भगवान औघड़नाथ मंदिर पहुंचे तथा भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूजा-अर्चना करने के बाद ही डा. सोमेन्द्र अपने समर्थकों के बीच स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे। शहर में एंट्री करने पर कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में जिस जोश के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया, उससे वह अभिभूत नजर आये।
औघड़नाथ मंदिर पर पूजा-अर्चना करने के बाद डा. सोमेन्द्र तोमर शास्त्री नगर स्थित अपने कार्यालय पहुंचे, जहां शास्त्री नगर बी-ब्लॉक व्यापार संघ की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यालय पर आए लोगों ने मिठाई और गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। परतापुर बिजली बाइपास स्थित भड़ाना फार्म हाउस में कार्यकतार्ओं के सम्मान में राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने शहर में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रथम आगमन पर धन्यवाद के लिए कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह का आयोजन किया, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे मतदाताओं का राज्य मंत्री डा. सोमेंद्र तोमर ने भगवा पटका पहना कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में पहुंचे सांसद राजेंद्र अग्रवाल, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व विधायक रविंद्र भडाना, जिला पंचायत सदस्य गौरव चौधरी, श्रम कल्याण विभाग के अध्यक्ष सुनील भराला, एमएलसी प्रत्याशी धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, गुर्जर सभा के अध्यक्ष भंवर सिंह, सचिव विरेन्द्र सिंह, शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुनील भड़ाना सहित गणमान्य लोगों ने भी नवनिर्वाचित राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर का फूल मालाओं से स्वागत किया।
इस दौरान सोमेंद्र तोमर ने लोगो को संबोधित करते कहा कि कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का सम्मान हमारी प्राथमिकता है और जिस तरह कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने उन पर विश्वास जताया वह उस पर खरे उतरेंगे। वहीं उन्होंने क्षेत्र में विकास व्यापक स्तर पर कराने का भी जनता को भरोसा दिलाया। शहर की लाइफ लाइन इनर रिंग रोड, हवाई अड्डा उनकी प्राथमिकता है, वहीं उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में भी आधुनिक कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उन्होंने गुर्जर समाज के प्रमुख नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन पर शोक व्यक्त किया और दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया, जिसमें कई जाने-माने कवि और गायक भी उपस्थित रहे, जिसमें मुख्य रूप में कवि तुषा शर्मा, कवि मुनीश शर्मा, गायक हरेंद्र नागर आदि मौजूद रहे।

