Home World News कहीं भूमिगत तो नहीं हुए पुतिन! रूस में सेना और वैगनर ग्रुप में लड़ाई शुरू

कहीं भूमिगत तो नहीं हुए पुतिन! रूस में सेना और वैगनर ग्रुप में लड़ाई शुरू

0
कहीं भूमिगत तो नहीं हुए पुतिन! रूस में सेना और वैगनर ग्रुप में लड़ाई शुरू

जनवाणी ब्यूरो |

नई दिल्ली: एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के लिपेत्स्क प्रांत के गवर्नर ने कहा है कि वैगनर समूह के सैनिक इस क्षेत्र में प्रवेश कर चुके हैं। गवर्नर ने लोगों से घरों में रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और अधिकारी आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर रहे हैं।

वैगनर ग्रुप चीफ येवगेनी प्रिगोझिन के बगावत के एलान के बाद रूस में रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के लड़ाकों में लड़ाई शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वैगनर ग्रुप के लड़ाके रोस्तोव शहर में दाखिल हो गए हैं।

येवगेनी प्रिगोझिन ने रूस के रक्षा मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं और रूसी सेना के मुख्यालय पर हमले का एलान किया। जिसके बाद रूसी सेना के मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

अमेरिका रख रहा कड़ी नजर

व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को घटना के बारे में जानकारी दी गई है। व्हाइट हाउस के एक बयान के अनुसार, मामले पर एक बैठक भी हुई है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुलिवन, अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन, रक्षा मंत्री ऑस्टिन के साथ कई राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी भी शामिल हुए। वहीं राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी जाती रहेगी। पेंटागन के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

वैगनर समूह प्रमुख बोले- हम देशभक्त हैं

वैगनर समूह प्रमुख ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बड़ी गलती हुई है, हम देशभक्त हैं। एक ऑडियो संदेश में उन्होंने कहा कि हम रूस के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।

पुतिन के देश छोड़ने की अटकलें तेज

यूक्रेन के एक अंग्रेजी के ऑनलाइन अखबार ने ‘द कीव इंडिपेंडेंट’ ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लापता होने का दावा किया। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि पुतिन देश छोड़ कर जा सकते हैं। हालांकि पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इस बात से इनकार किया कि पुतिन राजधानी से भाग गए हैं मीडिया उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति क्रेमलिन में काम कर रहे हैं।

रोमानिया के राष्ट्रपति बोले- हम लगातार मित्र राष्ट्रों के संपर्क में

रोमानिया के राष्ट्रपति क्लाउस इओहानिस ने ट्विटर पर कहा कि उन्हें रूस के घटनाक्रम के बारे में सूचित किया गया है और अधिकारी रूस में बदलते घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, हम मित्र राष्ट्रों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

एस्टोनिया ने सीमाओं पर बढ़ाई सुरक्षा

रूस के पड़ोसी देश एस्टोनिया की प्रधानमंत्री काजा कलास ने कहा है कि एस्टोनिया ने अपनी सीमाओं की सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वह रूस की यात्रा ना करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि फिलहाल उनके देश को कोई खतरा नहीं है।

रूस के सहयोगी देश चेचेन्या के नेता रमजान कादिरोव ने बयान जारी कर कहा है कि उनकी सेनाएं रूस की मदद के लिए तैयार हैं। प्रिगोझिन के नेतृत्व वाली वैगनर ग्रुप की बगावत को रमजान कादिरोव ने पीठ में छुरा घोंपने जैसा करार दिया है।

पुतिन ने बेलारूस के राष्ट्रपति से की बात, फ्रांस ने जारी किया बयान

पुतिन ने वैगनर ग्रुप की बगावत के बीच उभरे हालात पर बेलारूस के राष्ट्रपति से बात की है। फ्रांस के राष्ट्रपति भवन ने बयान जारी कर रहा है कि राष्ट्रपति मैक्रों रूस के हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फ्रांस ने कहा है कि वह यूक्रेन को समर्थन देने पर फोकस कर रहे हैं।

व्लादिमीर पुतिन ने वैगनर ग्रुप के चीफ की बगावत को धोखा करार दिया है और लोगों से अपील करते हुए कहा कि रूस अपने भविष्य के लिए लड़ रहा है और ऐसे में हमें एकजुट रहने की जरूरत है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने वैगनर ग्रुप के लड़ाकों से अपील की है कि वह आत्मसमर्पण कर दें। साथ ही यह गारंटी दी है कि अगर वह ऐसा करते हैं तो उन्हें सुरक्षा दी जाएगी।

पुतिन ने वैगनर ग्रुप को दी चेतावनी

वैगनर ग्रुप की बगावत और कई शहरों में सैन्य ठिकानों पर कब्जे की खबरों के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर राष्ट्र के नाम संबोधन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैगनर ने बुरे वक्त में रूस के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि रूस अपने भविष्य के लिए पूरी ताकत से लड़ रहा है। हमारा जवाब और कठोर होगा।

वैगनर ग्रुप से घबराया रूस, दे दिया सुलह का प्रस्ताव

वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने एलान किया है कि उसकी सेना ने रोस्तोव में रूस में सैन्य ठिकानों और एक एयरोड्रोम पर कब्जा कर लिया है। इस बीच रूस ने भी पूरे देश में सुरक्षा बढ़ा दी है और वैगनर ग्रुप के लड़ाकों को प्रस्ताव दिया है कि जो भी सैनिकों के खिलाफ नहीं लड़ेगा, उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

रूस ने मॉस्को में लागू किए आतंक-निरोधी नियम

यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। रूस की तरफ से यूक्रेन में लड़ रहे किराए के लड़ाकों के समूह वैगनर ग्रुप ने अब रूसी सेना के खिलाफ ही लड़ाई छेड़ दी है। इसे लेकर रूस ने मॉस्को में आपात कदम उठाए हैं और आतंक-निरोधी नियमों का एलान कर दिया है।

मॉस्को में बढ़ाई गई सुरक्षा

वैगनर ग्रुप की बगावत के बाद राजधानी मॉस्को की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मॉस्को के मेयर ने बताया कि राजधानी में आतंकवाद विरोधी कदम उठाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस के पावलोवस्क जिले में भी रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के लड़ाकों में झड़प की खबर है। येवगेनी प्रिगोझिन ने अपने ऑडियो संदेश में कहा है कि वह और उसके 25 हजार मजबूत लड़ाके रूस के लोगों के लिए मरने के लिए तैयार हैं।

रूस के रोस्तोव शहर में वैगनर ग्रुप के लड़ाके दाखिल हो गए हैं। रोस्तोव शहर की सड़कों पर टैंक और हथियारबंद सैनिक दिखाई दे रहे हैं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।