Home Uttar Pradesh News यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश, बज्रपात से 12 की मौत, 17 लोग झुलसे

यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश, बज्रपात से 12 की मौत, 17 लोग झुलसे

0
यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश, बज्रपात से 12 की मौत, 17 लोग झुलसे

जनवाणी ब्यूरो |

लखनऊ: आज शनिवार को अचानक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बरसात हुई जिससे लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत की सांस ली। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मानसूनी सक्रियता के बीच बादल जमकर बरसेंगे।

इधर, वाराणसी, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर और बलिया जिले में बारिश के दौरान आसमान से आफत भी बरसी। तेज बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई तो वहीं 17 लोग झुलस गए। झुलसे लोगों में से कई की हालत गंभीर है।

सोनभद्र के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के दौरान तेज बारिश एवं गरज तड़क के साथ गिरी बिजली गिरने से छह वर्षीय मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई।

बिजली की चपेट में आने से दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गाजीपुर जिले में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। कई लोग झुलस गए। सभी खेत में काम कर रहे थे।

जौनपुर में भी पोराई कलां गांव में शनिवार की शाम को हल्की बारिश के बीच बिजली गिरने से अमृत सरोवर की खुदाई कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 12 मजदूर झुलस गए।

लालपुर क्षेत्र के राजेपुर गांव में बिजली गिरने से पप्पू चौरसिया(50) निवासी लल्लापुरा छितुपुर की मौत हो गई। बलिया में बिजली गिरने से शनिवार की शाम को एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं, दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।

वाराणसी के बड़ागांव खररिया तालुके विरांव ग्रामसभा के खपड़हवां मौजा में खेत में काम करने के दौरान बिजली गिरी। चपेट में आने से किसान श्याम नारायण पटेल (56) की मौत हो गई।