- प्रभारी मंत्री धर्मपाल की घोषणा, प्रदेश के सभी 75 जिले जुड़ेंगे एक्सप्रेस-वे से
- मोदी सरकार के बजट को बताया अमृतकाल का सबसे महत्तवपूर्ण बजट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिस तरह से उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस वे का निर्माण हो रहा है, कुछ समय बाद यह प्रदेश भी एक्सप्रेस हो जाएगा। विभिन्न एक्सप्रेस वे प्रदेश की तरक्की की इबारत लिखेंगे। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों को इन एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा ताकि प्रदेश में आवागमन की सुविधा सभी जिलों के लोगों को मिल सके।
यह कहना है उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनीतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज तथा नागरिक सुरक्षा विभाग के मंत्री तथा मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह का। वो सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
बजट पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा हाल ही में प्रस्तुत किया गया आम बजट अमृतकाल का सबसे महत्तवपूर्ण बजट है जिसमें गांव व किसानों से लेकर गरीबों, विद्यार्थियों एवं व्यापारियों के हितों का समावेश किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान अब बागबानी के लिए भी काम करेंगे। इसके तहत किसान फूलोें एवं औषधियों की खेती भी करेंगे।
इसके लिए 22 सौ करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने बस इतना कहा कि वो अपने अगले दौरे में इसकी भी समीक्षा करेंगे। मेरठ से हवाई उड़ान पर भी उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि मेरठ से जल्द उड़ान शुरू होगी। रामचरित मानस प्रकरण पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया
जबकि अमूल व पराग दूध के लगातार बढ़ रहे दामों पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के दूध सेहत के लिए मुफीद नहीं होते इसलिए लोगों को डेयरी के दूध का ज्यादा उपयोग करना चाहिए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी व एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज भी मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री ने बंद कमरे में की भाजपा नेताओं से मुलाकात
उत्तर प्रदेश के पशुधन व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री तथा मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह सोमवार को मेरठ में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मिले तथा उनसे विभिन्न मुद्दों पर संक्षिप्त चर्चा करी। यह बातचीत बंद करमे में हुई। भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल व अरविन्द मारवाड़ी ने बताया कि मंत्री जी चूंकि एक शिक्षण संस्थान में बजट पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लेने आए थे
इसलिए वो बहुत थोड़ी देर के लिए भाजपा नेताओं से मिले और उनका हाल जाना। उधर सूत्रों के अनुसार इस दौरान कुछ नेताओं ने प्रभारी मंत्री के समक्ष कुछ बड़े मुद्दे उठाने चाहे, लेकिन मंत्री ने यह सब अगले दौरे के दौरान सुनने को कहा। इस मौके पर डा. सरोजनी अग्रवाल, एमएलसी धमेन्द्र भारद्वाज, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल व कैंट विधायक अमित अग्रवाल आदि मौजूद थे।

