नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों के जवाब में बयान जारी किया, जिनमें कहा गया था कि भारत जल्द ही रूस से तेल की खरीद को रोक सकता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि भारत तेल और गैस का एक महत्वपूर्ण आयातक है। उन्होंने बताया कि अस्थिर ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना हमारी निरंतर प्राथमिकता रही है। जयसवाल ने आगे कहा कि भारत की आयात नीतियां पूरी तरह इस उद्देश्य से निर्देशित होती हैं। उनका कहना था कि भारत की ऊर्जा नीति के दो मुख्य लक्ष्य हैं, स्थिर ऊर्जा मूल्य सुनिश्चित करना और सुरक्षित आपूर्ति प्रदान करना। इसके तहत भारत अपनी ऊर्जा आपूर्ति का आधार विस्तृत और विविध रखने की रणनीति अपनाता है।
विदेश मंत्रालय के बयान में आगे कहा गया, “जहां तक अमेरिका का सवाल है, हम कई वर्षों से अपनी ऊर्जा खरीद का विस्तार करने का प्रयास कर रहे हैं। पिछले दशक में इसमें लगातार प्रगति हुई है। वर्तमान प्रशासन ने भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को गहरा करने में रुचि दिखाई है। इस पर चर्चाएं जारी हैं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति क्या बोले?
वहीं, ओवल ऑफिस में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और दोनों के बीच शानदार संबंध हैं। आगे उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही रूस से तेल की खरीद बंद कर देगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसा आश्वासन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से दिया है। ट्रंप ने कहा कि भारत का यह कदम एक बड़ा कदम है। अब हमें चीन से भी यही करने के लिए कहना होगा।
इस दौरान ट्रंप ने भारत में अमेरिकी सूत्रों सर्जियो गोर और पीएम मोदी की हालिया बैठक पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वे (पीएम मोदी) शानदार और महान व्यक्ति हैं। सर्जियो ने मुझे बताया कि मोदी मुझे पसंद करते हैं। मैं वर्षों से भारत को देख रहा हूं। पहले हर साल एक नया नेता आता, कुछ महीने के लिए, कुछ वर्षों तक रहता। लेकिन अब मेरा मित्र काफी लंबे समय से सत्ता में है और उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि वे रूस से तेल नहीं खरीदेंगे। आगे बोलते हुए ट्रंप ने यह भी कहा कि ये बदलाव तुरंत लागू नहीं होंगे, लेकिन कुछ समय में इसका प्रभाव दिखेगा।

