जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: मेरठ-करनाल हाइवे पर सड़क हादसे में ट्रक चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार पांच ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेरठ मेडिकल रेफर किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जौला का रहने वाला शाहिद (30) पुत्र मोमीन अपने ट्रैक्टर ट्राली से जौला गांव से मेरठ ईंट सप्लाई करने का कार्य करता है। शनिवार को सुबह करीब 4 बजे शाहिद छोटे भाई सनव्वर (24) व पड़ोस के ही मुशाहिद (22) व दो अन्य ग्रामीणों के साथ गांव के भट्टे से ट्रैक्टर ट्राली मे ईंट भरकर मेरठ जा रहा था।
मेरठ-करनाल हाइवे पर इटावा गांव के पास ट्रक की ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई। इस घटना में ट्रैक्टर टूटकर सड़क पर बिखर गया। ट्रैक्टर पर सवार शाहिद, उसका भाई सन्नवर व पड़ोस का मुशाहिद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ईंट से भरी ट्राली पर बैठे दो अन्य ग्रामीण युवकों को हल्की चोट आई।
इस घटना में जनपद गाजियाबाद के भोजपुर का रहने वाला ट्रक का चालक इरफान पुत्र फरमूद (40) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मगन वीर सिंह गिल व बायवाला पुलिस चैकी इंचार्ज संजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। गंभीर अवस्था में ट्रक के चालक इरफान, ट्रैक्टर चालक शाहिद उसके भाई सन्नवर व मुशाहिद को मेरठ मेडिकल रेफर किया गया। इंस्पेक्टर मगन वीर सिंह गिल ने बताया कि मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान ट्रक के चालक इरफान की मौत हो गई।