Home Entertainment News Zubeen Garg: सिंगर जुबीन गर्ग के निधन की जांच तेज, असम CID ने गवाहों को 10 दिन में पेश होने का दिया आदेश

Zubeen Garg: सिंगर जुबीन गर्ग के निधन की जांच तेज, असम CID ने गवाहों को 10 दिन में पेश होने का दिया आदेश

0
Zubeen Garg: सिंगर जुबीन गर्ग के निधन की जांच तेज, असम CID ने गवाहों को 10 दिन में पेश होने का दिया आदेश

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। खबरों के अनुसार, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीआईडी (CID) ने जुबीन गर्ग के निधन से जुड़े गवाहों को 10 दिनों के भीतर जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि जुबीन गर्ग की मौत की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (SIT) ने लगातार दूसरे दिन भी नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत के आवास पर तलाशी अभियान चलाया।

‘गर्ग की मौत की जांच जारी है’

सीआईडी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर पीटीआई भाषा को बताया, ‘गर्ग की मौत की जांच जारी है। आज हमने उनकी मौत से जुड़ी घटनाओं से वाकिफ सभी लोगों को नोटिस जारी किया है। उन लोगों को 10 दिनों के भीतर आकर अपना बयान देना होगा।’

गौरव गोगोई ने किया दावा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई ने भी दावा किया कि लापरवाही के कारण जुबीन गर्ग की मौत हुई। इसलिए उन्होंने मांग की है कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। गौरव गोगोई ने पिछले दिनों एक एक्स (ट्विटर) पोस्ट में भी लिखा था, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि दिवंगत जुबीन गर्ग की मौत में लापरवाही हुई है। सिंगापुर में जुबीन गर्ग के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आयोजकों की थी। असम के लोगों को सच्चाई जानने का हक है।’ गोगोई ने यह भी कहा, ‘पुलिस जुबीन गर्ग के फैंस, सपोर्ट करने वाले लोगों के पीछे पड़ी है, जो समझ से परे है। न्यायिक प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।’

जुबीन गर्ग का निधन कैसे हुआ था

बता दें कि, सिंगर जुबीन गर्ग (52) का निधन 19 सितंबर को सिंगापुर में डूबने के कारण हुआ। वह सिंगापुर नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने गए थे। 23 सितंबर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ गुवाहाटी के बाहरी इलाके कमरकुची में जुबीन के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। सिंगर के निधन की जांच की मांग जब उठी तो राज्य सरकार ने एक स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम बनाई। हाल ही में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक, जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी के घरों की भी तलाशी ली गई।