- सात घंटे तक चले हंगामे को विधायक ने ज्ञापन सौंप समेटा
- कैराना में प्रवेश करने वाले हर मार्ग पर बैरियर, फोर्स तैनात
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: कैराना से समाजवादी पार्टी के विधायक चौ. नाहिद हसन का सोमवार को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन पुलिस-प्रशासन की सख्ती के चलते टल गया। हालांकि विधायक आवास पर हजारों लोग जमा हुए लेकिन पुलिस की नाकेबंदी के चलते विधायक मोहल्ला आलदरम्यान से बाहर नहीं निकल पाए।
अंतत: एसडीएम और सीओ कैराना विधायक के आवास पर पहुंचे जहां विधायक ने पूर्व सांसद के साथ राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें कोतवाल प्रेमवीर राणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रमुखता से रखी गई। बाद में विधायक ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी गई।
सपा विधायक नाहिद हसन ने 29 अक्टूबर को कैराना कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक प्रेमवीर राणा पर निर्दोष लोगों को जेल भेजने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। विधायक की कोतवाल से झड़प हुई थी। विधायक ने कोतवाली पर निर्दोष लोगों को पकड़ कर जेल भेजने और पीड़ित लोगों को ही डराने धमकाने के आरोप लगाए थे।
फिर, प्रेसवार्ता कर विधायक ने 2 नवंबर को 50 हजार समर्थकों के साथ सेलर पर धरना देने और उसके बाद जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी थी। विधायक की धरने और जेल भरो आंदोलन की अनुमति को प्रशासन ने खारिज कर दिया था।
सोमवार को विधायक नाहिद हसन की जेल भरो आंदोलन की चेतावनी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुबह से ही विधायक नाहिद हसन के मोहल्ला आल दरम्यान स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया।
पूरे कैराना को छावनी में तब्दील कर दिया गया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस-पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए। साथ ही, कैराना शहर के अंदर प्रवेश करने वाले हर मार्ग पर बैरियर के साथ पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए ताकि विधायक के आह्वान पर बाहर से आने वाले लोगों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जा सके।
सोमवार सुबह विधायक नाहिद हसन के घर पर उनके समर्थकों के आने का तांता लग गया। पूर्वाह्न 11 बजे तक हजारों की तादाद में समर्थक उनके आवास और आसपास इकट्ठा हो गए। इस दौरान जिलाधिकारी जसजीत कौर तथा पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय पल-पल की जानकारी लेते रहे। अंतत: दोपहर करीब एक बजे एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी तथा सीओ कैराना जितेंद्र कुमार विधायक के आवास पर पहुंचे।
उसके बाद उन्होंने विधायक नाहिद हसन से वार्ता की। अंतत: पुलिस-प्रशासन की सख्ती के चलते विधायक नाहिद हसन ने जेल भरो आंदोलन का इरादा टाल दिया। विधायक नाहिद हसन और उनकी मां पूर्व सांसद तबस्सुम हसन ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम-सीओ को सौंप दिया।
ज्ञापन में सपा विधायक नाहिद हसन ने कैराना कोतवाल प्रेमवीर राणा के खिलाफ जांच बैठाए जाने और उनका स्थानांतरण करने सहित कई छह अहम मांग की है। जेल भरो आंदोलन टलने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अब सबकी टकटकी विधायक द्वारा सौंपे गए उस ज्ञापन पर लगी हैं जिनमें अधिकांश मांगे पुलिस अधीक्षक स्तर से निस्तारित किए जाने वाली हैं।

