जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर विवाद के बीच चर्चा में आए मोहम्मद दीपक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है, साथ ही उन्हें दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष, निवासी मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इस बीच, जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने डीजीपी को एक पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पत्र में कहा गया कि दीपक कुमार ने 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान बीच-बचाव कर व्यापारी की जान बचाई थी। अब उन्हें जान का खतरा बना हुआ है।
जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने पत्र में कहा कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार धमकियों का सामना कर रहे हैं। 31 जनवरी को दून और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे और दीपक कुमार के जिम पर तोड़फोड़ करने की कोशिश की।
जमीअत ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे नागरिक को निशाना बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, जिन्होंने हिंसा के खिलाफ खड़े होकर सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का परिचय दिया। जमीअत के उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से अपील करते हुए कहा कि कोटद्वार में दीपक कुमार के जिम पर तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

