जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक इन्वर्टर, एक बैट्रा और 3100 रुपये नकद बरामद किए हैं। 21 सितंबर को मंशापुर मंदिर से अज्ञात चोरों ने इन्वर्टर, बैट्रा, डीवीआर और दानपात्र से नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में पीड़ित सुखपाल पुत्र अतर सिंह निवासी मंशापुर माजरा कोलकी रांघड़ की तहरीर पर थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई थी।
कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के दिशा-निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों तथा वांछितों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली देहात पुलिस को यह सफलता मिली है।सूबे सिंह के मुताबिक पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों मोनू उर्फ सुल्तान पुत्र मौ० गुलजार निवासी ग्राम दतौली सुल्तानपुर और जीशान उर्फ शिकंजा पुत्र यूनूस निवासी ग्राम दतौली रांघड़ को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। इंस्पेक्टर के अनुसार आरोपी जीशान उर्फ शिकंजा के खिलाफ इससे पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।