- छह दिन में लूट की यह चौथी घटना, पुलिस को चुनौती दे रहे बदमाश
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: गंगनहर पटरी पर कांवड़ियों की सुरक्षा के भले ही कितने दावे किए जा रहे हों। मगर बदमाशों ने पुलिस सुरक्षा के बखिया उधेड़ रखी है। गुरुवार को गंगनहर पटरी पर भारी पुलिस फोर्स तैनात होने के बाद भी एक कांवड़िया से बदमाशों ने पिस्टल के बल पर मोबाइल पर नकदी लूट ली और फरार हो गए। पिछले छह दिन में लूट की यह चौथी घटना है। बदमाश लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। मगर पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है।
कांवड़ यात्रा को लेकर शासन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। खुद सीएम के आदेश हैं कि कांवड़ियों की सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। मगर गंगनहर पटरी पर कांवड़िया लगातार लूट का शिकार हो रहे हैं। बेखौफ बदमाश कांवड़ियों से लूटपाट कर रहे हैं। चार दिन पूर्व गंगनहर पटरी पर राजस्थान के एक कांवड़िया से लूट हुई थी।

इसके बाद अलीपुर के निकट एक कर्मचारी को लूट का शिकार बनाया गया। इसके बाद तहसील रोड पर एक शिक्षक से लूटपाट हो गई। गुरुवार को फिर से गंगनहर पटरी पर एक कांवड़िया को लूट लिया गया। छह दिन में यह लूट की चौथी घटना है। दिल्ली निवासी कपिल पुत्र इंदर कांवड़ लेकर जा रहा था। आरोप है कि गंगनहर पटरी पर सलावा के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया।
बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उससे तीन हजा रुपये की नकदी व मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। सवाल यह है कि गंगनहर पटरी पर इतनी फोर्स तैनात है। इसके बाद भी बदमाश लूटपाट कर रहे हैं। बदमाश पुलिस को लगातार चुनौती दे रहे हैं, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है।

