- मीना बाजार, भगत सिंह मार्केट में उमड़ी खरीदारों की भीड़
- कपड़ों, जूतों और चूड़ियों से मार्केट में आया बूम
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व आज अपने परम्परागत ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुसलमान नमाज के बाद अपने अपने घरों पर जानवरों की कुर्बानियां करेंगे। बकरीद की पूर्व संध्या शनिवार को शहर के विभिन्न बाजार देर रात तक गुलजार रहे। बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी। चूड़ियों से लेकर कपड़ों व जूतों तक के कारोबार में खासा बूम देखा गया।

शहर के घंटाघर, मीना बाजार, वैली बाजार, भगत सिंह मार्केट, लालकुर्ती पैंठ एरिया व खैरनगर सहित कई बाजारों में देर रात तक खरीदारों की भारी भीड़ दिखी। छोटी छोटी बच्चियों तक में रंगबिरंगी पोशाकें व चूड़ियां खरीदने का अजब सा क्रेज दिखा। भीड़ को देखते हुए मीना बाजार व भगत सिंह मार्केट सहित कुछ अन्य बाजारों में ट्रैफिक पुलिस को बड़े वाहन डायवर्ट करने पड़े।
बकरा पैंठ में रौनक, ऊंचे दामों के बावजूद भारी भीड़
शनिवार को ईद की पूर्व संध्या पर जहां विभिन्न बाजार गुलजार रहे वहीं जानवरों की पैंठ में भी भारी भीड़ उमड़ी। हापुड़ रोड स्थित पुराने कमेले के गोदामों व इसके इर्द गिर्द भैंस, कटड़े व बकरे खरीदने वालों का रात भर तांता लगा रहा। ईद से एक दिन पूर्व तक भी जानवरों के रेट में कोई गिरावट दर्ज नहीं की गई। बावजूद इसके कुर्बानी के लिए जानवरों के खरीदारों की भारी भीड़ बकरा मार्केट में मौजूद थी।

शनिवार को वैसे तो एक बकरे की औसत कीमत 15 हजार रुपये थी, लेकिन इस मार्केट में एक-एक लाख रुपये तक के बकरे मौजूद थे। इसके अलावा कटड़े व भैंस की कीमतें भी आसमान छू रही थीं। दरमियानी कटड़े व भैंस की कीमत क्रमश: 30 से 40 हजारु रुपए रही। हालांकि इसी मार्केट में एक से तीन लाख रुपये तक की भैंसे भी मौजूद थी।
आज से तीन दिनों तक होगी जानवरों की कुर्बानी
बकरीद के अवसर पर आज नमाज के बाद से शुरू होने वाली जानवरों की कुर्बानी तीन दिनों तक चलेगी। मंगलवार तक चलने वाली इस कुर्बानी में बड़ी संख्या में बकरों के अलावा भैंस व कटड़ों की कुर्बानी दी जाएगी। कोरोना से पहले लोग ऊंटों की कुर्बानी भी किया करते थे, लेकिन शासन द्वारा इस पर प्रतिबंध लगा दिए जाने के बाद से इनकी कुर्बानी नहीं होती। इसके अलावा कई लोग भेड़ व दुम्बों की कुर्बानी भी करते हैं।
कुर्बानी के लिए महंगे हुए कसाई, फिर भी टोटा
ईद-उल-अजहा के मौके पर होने वाली जानवरों की कुर्बानी को देखते हुए कसाइयों (जानवरों की कुर्बानी करने वाले) ने भी अपने रेट बढ़ा दिए हैं। छोटे जानवर जैसे बकरे की कुर्बानी के लिए 600 से 800 रुपये, कटड़े की कुर्बानी के साढ़े तीन हजार रुपये व बड़ी भैंस के चार से पांच हजार रुपये तक तय कर दिए गए हैं। रेट बढ़ने के बावजूद कसाइयों का टोटा है। लोगों को कसाइयों की पहले से ही बुकिंग करानी पड़ रही है।
कुर्बानी में खर्च किया है तो थोड़ा सफाई में भी खर्च करें
मुसलमान जिस प्रकार कुर्बानी के जानवरों में पैसा खर्च कर रहा है उसी प्रकार उसे थोड़ा खर्च सफाई में भी करना चाहिए ताकि कुर्बानी के बाद जानवर के अंदर से निकलने वाली गंदगी से किसी को भी परेशानी न हो। यह कहना शाही ईदगाह के खतीब व आॅल इण्डिया मिल्ली काउंसिल के अध्यक्ष कारी शफीकुर्रहमान कासमी का।
उन्होंने ईद की पूर्व संध्या पर मीडिया को जारी बयान के साथ साथ सोशल मीडिया पर भी अपने बयान को लोगों के साथ साझ किया। इस्लाम में सफाई को एहमियत दी गई है। बकौल कारी शफीक अल्लाह पाक को भी पाकी (साफ सफाई) पसन्द है। इसलिए यह हमारे ईमान का भी तकाजा है। उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि जो मुसलमान अपने यहां कुर्बानी करेंगे उनकी यह जिम्मेदारी है कि वो जानवरों से निकलने वाली गन्दगी को नगर निगम द्वारा लगाई जाने वाली गाड़ियों तक पहुंचाएं।
इसके अलावा कारी शफीक ने अपनी अपील में लोगों से यह भी कहा है कि कोई भी मुसलमान सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी बिल्कुल न करे तथा कुर्बानी के गोश्त व जानवरों की खालोें को खोल कर कहीं न ले जाए। इन सब चीजों को ढक कर ले जाया जाए ताकि इससे किसी की भावनाएं आहत न हों।
ईद की नमाजों का समय
शाही ईदगाह 7.30
ईदगाह बाले मियां 7.00
ईदगाह रजबन बाजार 7.00
हौज वाली मस्जिद खैरनगर 6.00
फैज-ए-आम कॉलेज 7.00
मस्जिद शाहनत्थन 7.45
शिया मस्जिदों में नमाज का समय
मनसबिया ईदगाह रेलवे रोड 8.00
मस्जिद अल मुर्तजा जैदी सोसायटी 8.30
दरबार-ए-हुसैनी जैदी फॉम 8.00
मस्जिद अबु तालिब लोहिया नगर 8.00
शाही मस्जिद जाहिदियान 8.00
छोटी मस्जिद कोटला 8.00
बकरीद पर एडीजी, आईजी ने निकाला फ्लैग मार्च
बकरीद की पूर्व संध्या पर पुलिस अधिकारियों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। ईद-उल-अजहा के दृष्टिगत त्योहार की पूर्व संध्या पर पुलिस अधिकारियों द्वारा फोर्स के साथ शहर के संवेदनशील एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च में एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल, आईजी मेरठ परिक्षेत्र प्रवीण कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, पुलिस अधीक्षक नगर विनीत भटनागर, पुलिस अधीक्षक यातायात जितेन्द्र श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कोतवाली, क्षेत्राधिकारी कैंट के अलावा थाना कोतवाली, दिहली गेट, ब्रह्मपुरी के प्रभारी निरीक्षक फोर्स के साथ मौजूद रहे। फ्लैग मार्च में आरएएफ की टुकड़ी भी शामिल हुई। फ्लैग मार्च हापुड़ अड्डा, इमलियान, इंदिरा चौक, बुढ़ाना गेट, खैरनगर, जली कोठी, कैसरगंज, रेलवे रोड, मेट्रो प्लाजा होते हुए घंटाघर तक किया गया।
Comments are closed.