Home National News लखनऊ: अमीनाबाद की कागज मार्केट में लगी भीषण आग

लखनऊ: अमीनाबाद की कागज मार्केट में लगी भीषण आग

0
लखनऊ: अमीनाबाद की कागज मार्केट में लगी भीषण आग
  • छह को सुरिक्षत निकाला, कड़ी मशक्कत से पाया काबू

जनवाणी ब्यूरो |

लखनऊ: अमीनाबाद के गुईन रोड चौराहे पर कागज मार्केट स्थित नाज कॉम्पलेक्स में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। आग मार्केट के बीच में रहने वाले वसीम के दो मंजिला व्यावसायिक कॉम्पलेक्स में लगी थी। दूसरी मंजिल पर परिवार रहता था। हादसे के दौरान परिवार के 6 लोग फंस गये थे।

जिनको अग्निशमन की टीम ने पड़ोसियों की मदद से पिछले रास्ते से बाहर निकाला। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। हादसा शार्ट सर्किट से होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस व फायर टीम जांच के बाद कारणों के बारे में बताएगी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह के मुताबिक गुईन रोड चौराहे पर वसीम का नाज कॉम्पलेक्स है। उसी की दूसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक दुकान में आग लग गई। अचानक से धुआं व तेज लपटें निकलती देख लोगों ने शोर मचाया। लेकिन नाज कॉम्पलेक्स में 12 दुकाने है। सभी कागज व कॉपी की होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

वसीम के परिवारीजनो ने शोर मचाया तो पड़ोसी वहां पहुंच गये। पास में स्थापित फायर स्टेशन पर लोग पहुंचे। आरोप है कि स्टेशन पर ताला बंद था। इसी बीच कुछ लोग भागकर कैसरबाग थाने पहुंचे। जहां पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों को जानकारी होने के बाद फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां रवाना की गई। वहीं अमीनाबाद फायर स्टेशन के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गये। सभी ने मिलकर आग बुझाना शुरू किया।

दूसरी मंजिल पर फंसे थे छह परिजन

मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह के मुताबिक हादसा सुबह के वक्त हुआ था। उस समय कुछ दुकाने खुली थी। कुछ खुल रही थी। वहीं वसीम का पूरा परिवार दूसरी मंजिल पर स्थित आवास में मौजूद था। परिवार में वसीम की पत्नी शायरा, बेटा वासिफ, उसकी पत्नी आमना, वसीम की बेटी महक, वासिफ का बेटा इशा है। हादसे के वक्त वसीम के नौकर सहित 6 लोग घर में मौजूद थे।

वासिफ का बेटा हादसे के वक्त स्कूल था। अचानक आग लगने के कारण उनको बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। अग्निशमन कर्मचारियों ने परिवार के फंसे होने की सूचना पर आसपास के लोगों की मदद से लोगों को निकालना शुरू किया। सभी को पीछे सीढ़ी लगाकर निकाला गया। करीब 15 मिनट में परिवार के सभी 6 लोगों को पिछले रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।

मंगानी पड़ी हाइड्रोलिक प्लेटफार्म

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक आग पर काबू पाने के लिए तत्काल 8 दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गई। इसी बीच सूचना मिली की आग पर काबू पाने में दिक्कत आ रही है। इस पर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी बुला लिया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीएफओ के मुताबिक हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मचारियों के सिविल डिफेंस के वालेंटियर भी मदद कर रहे थे।

कार, स्कूटी व लोडर जलकर राख

आग की चपेट में आने से कॉम्प्लेक्स में बाहर खड़ी कार, स्कूटी व लोडर भी जलकर राख हो गया। वहीं कोने पर बाबा लस्सी कार्नर थी। जो पूरी तरह से जलकर राख हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास केइलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया था। लोगों को हादसा स्थल से दूर करने में अमीनाबाद इंस्पेक्टर को अपनी टीम के साथ काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बिजली के खंभे में हुए शार्ट सर्किट से लगी आग

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह 11 बजे के करीब नाज कॉम्पलेक्स केपास बिजली विभाग के लगे खंभे में अचानक शार्ट सर्किट हुआ। जिससे चिंगारी निकली। चिंगारी नाज कॉम्पलेक्स में लगे एक फ्लैक्स बोर्ड पर गिर गई। जिसमें आग लगी। इसी फ्लैक्स बोर्ड का जलता हुआ अवशेष दुकान में रखे कागजों पर पड़ा। जिससे देखते-देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग लगते ही पूरे इलाके अफरा तफरी का माहौल बन गया।

संकरी गलियों में गाड़ियों के पहुंचने में हुई देरी

अमीनाबाद बाजार की गलियां काफी संकरी है। जिसके कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में काफी दिक्कत हो रही थी। भीड़भाड़ भी सुबह के वक्त हो गया था। अमीनाबाद प्रभारी निरीक्षक को अपनी टीम लगाकर दमकल की गाड़ियों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरू में एक दमकल की जो गाड़ी पहुंची थी। उसमें पानी कम होने के कारण प्रेशर नहीं बन रहा था। जिसके कारण राहत कार्य शुरू करने में देरी हुई।

काम्पलेक्स में नहीं है कोई संशाधन

पुलिस के मुताबिक घने बाजार में बने नाज कॉम्पलेक्स में फायर फाइटिंग के संशाधन नहीं है। जो लगे है वह काफी पुराने हो चुके हैं। इसके अलावा कॉम्पलेक्स में कोई सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं है। जो जरूरत पड़ने पर अग्निकांड से पूरे कॉम्पलेक्स को बचा सके।