Home Uttar Pradesh News Bijnor निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर अपर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर अपर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी

0
निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर अपर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी

जनवाणी संवाददाता |

चांदपुर: नगरपालिका के वार्षिक निरीक्षण के लिए आए अपर आयुक्त मुरादाबाद ने नगर में गंदगी के ढेर मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पालिका के अधिशासी अधिकारी व अन्य कर्मचारियों को योजना बनाकर युद्ध स्तर पर नगर में सफाई कार्य कराए जाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान नगर वासियों द्वारा नगर में घटिया सामग्री से निर्माण कराए जाने की शिकायतें भी की गई।

शनिवार की दोपहर बाद नगर पालिका पहुंचे अपरआयुक्त बीएन यादव ने नगरपालिका कार्यालय का निरीक्षण करने के साथ ही अभिलेखागार व रिकॉर्ड रुम का भी निरीक्षण किया। पालिका के निरीक्षण के बाद नगर में निरीक्षण के लिए पहुंचे अपर आयुक्त को कई स्थानों पर कूड़े के ढेर दिखाई पड़े जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। नगरपालिका में अपर आयुक्त से वार्ड सभासदों के साथ ही अजय कौशिक व विरेंद्र राजपूत द्वारा घटिया सामग्री से नगर में निर्माण कराए जाने की शिकायत की।

उन्होंने बताया कि नगर में घटिया सामग्री से बनाई गई सीसी रोड टूटने पर ऊपर से तारकोल डालकर घटिया सामग्री को छुपाया गया है। नगर की कई अच्छी भली सड़कों को तोड़ दिया गया है। हाल ही में बनाई गई एक दर्जन सड़के निर्माण के 3 माह बाद ही टूटने लगी है। इतना ही नहीं नगर क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले कूड़े से अटे हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।

शिकायतकर्ताओ का यह भी कहना था कि पालिका द्वारा प्रतिवर्ष नाला सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए का बजट पास किया जाता है। लेकिन नालों की सफाई नहीं कराई जाती है। इस पर अपर आयुक्त ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनुज कौशिक को नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर नगर वासियों को ग्रुप से जोड़ने तथा प्रतिदिन सफाई के मामले में लोगों की प्रतिक्रिया जानने के निर्देश भी दिए।