Saturday, February 14, 2026
- Advertisement -

कबाड़ से नगरपालिका की हुई 25 लाख की आमदनी

  • 6 साल बाद हुई निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी, चार में से दो विभागों के कबाड़ की नीलामी पर लगा सवालिया निशान
  • पथ प्रकाश का कबाड़ 16 लाख व स्वास्थ्य विभाग का कबाड़ हुआ 9 लाख में नीलाम

जनवाणी संवाददाता |

मुजफ्फरनगर: छह साल बाद हुई नगरपालिका परिषद के दो विभागों के कबाड़ की नीलामी में नगरपालिका मुजफ्फरनगर को 25 लाख रूपये की आमदनी हुई है, जिसमें पथ प्रकाश का कबाड़ 16 लाख रूपये में तथा स्वास्थ्य विभाग का कबाड़ 9 लाख रूपये में नीलाम हुआ है। चार में से दो विभाग के कबाड़ की नीलामी पर सवालिया निशान भी लग गया है, जिसके चलते जलकल व कर विभाग के कबाड़ की नीलामी नहीं हो पायी।

नगरपालिका परिषद् में शनिवार को दोपहर के समय पालिका के सभाकक्ष में प्रशासक नगर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार की अध्यक्षता में पालिका के चार विभागों स्वास्थ्य, जलकल, पथ प्रकाश और कर के भण्डार में कई वर्षों से जमा निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी खुली बोली के अन्तर्गत आयोजित की गयी। इसमें नीलामी कमेटी में शामिल ईओ हेमराज सिंह, एआरटीओ विभाग से आरआई टेक्नीकल अनुराग सिंह वर्मा, सहायक अभियंता नलकूप हरीश अहलावत और सहायक अभियंता जल निगम भी मौजूद रहे। नीलामी कमेटी के नोडल अधिकारी पालिका के सहायक अभियंता जल सुनील कुमार ने प्रक्रिया पूर्ण कराई। इस नीलामी से पालिका प्रशासन को एक बड़ी रकम राजस्व के रूप में मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ठेकेदारों की एकजुटता पालिका प्रशासन की तमाम रणनीति पर भारी पड़ती नजर आई। पालिका के प्रशासक चार विभागों में से केवल दो ही विभागों पथ प्रकाश और स्वास्थ्य की निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी कराने में सफल हो पाये। इसमें भी ठेकेदारों की मोनोपॉली के कारण पालिका प्रशासन ज्यादा राजस्व प्राप्त नहीं कर पाया।

नोडल अधिकारी एई सुनील कुमार ने बताया कि पथ प्रकाश विभाग के निष्प्रयोज्य सामान की नीलामी के लिए 22 ठेकेदारों ने अपना पंजीकरण कराया था। इसके लिए सरकारी बोली 14 लाख 94 हजार 340 रुपये रखी गई थी। बोली में सभी ठेकेदारों ने प्रतिभाग किया और अंतिम बोली 16 लाख रुपये में छोड़ी गयी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कबाड़ की नीलामी के लिए 24 ठेकेदारों ने पंजीकरण कराया, सभी उपस्थित रहे। इसमें सरकारी बोली 8 लाख 44 हजार 600 रुपये तय की गयी थी, यह नीलामी अंतिम बोली 9.05 लाख पर छूटी है। जलकल और कर विभाग की निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी एक जगह ही कराई गई। इसमें 10 ठेकेदारों ने पंजीकरण कराया था। इसके लिए सरकारी बोली 34.43 लाख तय थी, बोली शुरू होने पर प्रशासक नगर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार ने यह बोली 35 लाख रुपये की राउण्ड फीगर से शुरू कराने के आदेश दिये, लेकिन यह बोली नहीं हो पाई। अब आगामी दिनों में यह नीलामी कराई जायेगी। दो विभागों की नीलामी से करीब 25 लाख रुपये का राजस्व पालिका को प्राप्त होगा।

नीलामी में प्रशासक अनूप कुमार के अलावा एई सुनील कुमार, जेई जलकल धर्मवीर सिंह, लिपिक गोपीचंद वर्मा, राजीव वर्मा, प्रवीण कुमार, विकास कुमार, संदीप यादव और कैलाश नारायण मौजूद रहे।

ईओ से हुई ठेकेदारों की तीखी झड़प

नीलामी के दौरान ठेकेदारों का पूल पालिका प्रशासन पर भारी पड़ा। ठेकेदार पूरी तरह से एकजुट नजर आये। जब ईओ हेमराज सिंह पालिका में बोली की व्यवस्था कराने पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने जलकल-कर विभाग की नीलामी के लिए पंजीकृत 10 ठेकेदारों की हाजिरी ली और उनको आगे बुलाकर बैठा लिया। इसके बाद शेष ठेकेदारों को सभाकक्ष से बाहर चले जाने का फरमान सुना दिया। इस पर ठेकेदारों ने आग्रह किया कि वह खामोश रहेंगे, उनको यही बैठे रहने दें, लेकिन ईओ ने रूखा व्यवहार किया तो ठेकेदार भड़क गये और ईओ के साथ उनकी तीखी झड़प हो गयी। ठेकेदारों का मूड भांपकर ईओ बैंकफुट पर आये और फिर प्रशासक को बुलाया गया। प्रशासक ने जब सरकारी बोली 35 लाख से शुरू कराने के आदेश दिये तो ठेकेदारों ने इसको ज्यादा बताते हुए बोली नहीं लगाई। सभी 10 ठेकेदार एकजुट हो गये। इस पर प्रशासक भड़क गये और उनको बाहर जाने का इशारा कर दिया। ठेकेदार इस नीलामी का बहिष्कार कर बाहर चले गये। प्रशासक का कहना है अब जलकल व कर विभाग की नीलामी बाद में कराई जायेगी। माना यह जा रहा है कि अब चुनाव बाद ही यह नीलामी होगी।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Saharanpur News: नौजवानों में नाच-गाने का बढ़ता शौक समाज के लिए चिंताजनक: क़ारी गोरा

जनवाणी संवाददाता | सहारनपुर: जमीयत दावतुल मुस्लिमीन के संरक्षक और...

UP: मुख्तार अंसारी के शूटर की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

जनवाणी ब्यूरो | यूपी: बाराबंकी के थाना कोतवाली क्षेत्र के...

UP News: वाराणसी कचहरी में बम की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई

जनवाणी ब्यूरो | यूपी: वाराणसी जिले की कचहरी में शुक्रवार...
spot_imgspot_img