जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: नोएडा के सेक्टर-66 स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे ऑक्सीजन पाइप फटने से अफरा-तफरी मच गई। पाइप फटने की तेज आवाज और धुएं के कारण मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई। सभी मरीज सुरक्षित रूप से बाहर निकाले गए।
ऑक्सीजन सप्लाई बाधित
घटना के दौरान गंभीर मरीजों को दी जा रही ऑक्सीजन सप्लाई कुछ समय के लिए बाधित हो गई, जिससे आईसीयू में भर्ती मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आईसीयू के आठ मरीजों को पास के अस्पतालों में एंबुलेंस से शिफ्ट किया। इनमें से पांच मरीजों को तुरंत स्थानांतरित किया गया।
पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही फेस-3 थाना पुलिस और फायर सर्विस की यूनिट मौके पर पहुंची। फायर विभाग ने बताया कि “ऑक्सीजन लाइन में लीकेज के कारण मामूली ब्लास्ट (माइनर ब्लास्ट) हुआ था। किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और न ही किसी प्रकार की आगजनी हुई है।”
स्थिति अब सामान्य
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि घटना के बाद सभी मरीज सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। मौके पर पुलिस और प्रशासन ने शांति व्यवस्था बहाल कर दी है।