- जड़ौदा पांडा-नानौता मार्ग पर हुआ हादसा
जनवाणी संवाददाता |
बड़गांव: एक और बड़ा हादसा, जिसमें दो युवकों की अकाल मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना शुक्रवार को जड़ौदापांडा-नानौता मार्ग पर गांव हसनपुर लोटनी के समीप हुई। यहां पर दो बाइकों की जबरदस्त टक्कर हुई। इसमें 12 साल के बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जब अस्पताल पहुंचाया तो दो युवकों को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।
पुलिस ने बताया कि बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव मुश्कीपुर निवासी रोजुदीन का 18 वर्षीय बेटा नाजिम अपने 12 साल के फुफेरे भाई नदीम पुत्र इरफान निवासी सम्भलका हरियाणा के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था। अभी वह जड़ौदा पांडा -नानौता मार्ग पर गांव हसनपुर लोटनी पुल के समीप पहुंचा था कि सामने से आ रही बाइक से उसकी जबरदस्त टक्कर हो गई।
टक्कर में बाइक सवार गुलाम हैदर उर्फ बब्बन पुत्र इरतजा हैदर (25) निवासी कस्बा नानौता व नाजिम पुत्र रोजुद्दीन (18) निवासी मुश्कीपुर ,नदीम पुत्र इरफान (12) निवासी सिम्भालका हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर घायलों को गंभीर हालत में नानौता अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने नानौता निवासी गुलाम हैदर व मुश्कीपुर निवासी नाजिम को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों का पंचनामा भरवाया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि गुलाम हैदर अपनी बहन के यहां बगरा से ईदी देकर लौट रहा था। वहीं, नाजिम भी बुआ के यहां ईदी देने गया था। वापसी में बुआ के बेटे नाजिम को भी साथ लेकर गांव लौट रहा था कि ये सभी लोग हादसे का शिकार हो गए।

