जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: 25 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए रोडवेज बसों की ड्यूटी लगाई जाएगी। लखनऊ परिक्षेत्र से करीब 400 बसें इस कार्यक्रम में शामिल होंगी, जबकि कुल बेड़े में लगभग 900 बसें हैं। ऐसे में 24 और 25 दिसंबर को कई प्रमुख रूटों पर बसों की कमी के कारण आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एलडीए की बसंतकुंज योजना के तहत 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन 25 दिसंबर को होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को लाने और ले जाने के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से करीब 2500 रोडवेज बसें लगाई जाएंगी, जिनमें लखनऊ परिक्षेत्र की 400 बसें शामिल हैं। खास बात यह है कि ये बसें 24 दिसंबर से ही कार्यक्रम की ड्यूटी में लग जाएंगी। 25 दिसंबर को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं को उनके जिलों तक पहुंचाने के बाद ही बसें अपने-अपने डिपो में लौटेंगी। इस वजह से दोनों दिन सामान्य यात्रियों को असुविधा हो सकती है और लखनऊ से कई प्रमुख जिलों के लिए बस सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
एक लाख लोगों को लाने का लक्ष्य
सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ परिक्षेत्र की बसों से करीब 24 हजार कार्यकर्ताओं को बसंतकुंज स्थित आयोजन स्थल तक पहुंचाया जाएगा। रैली में कुल एक लाख लोगों को बसों के माध्यम से लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कारण लखनऊ सहित अन्य जिलों से मिलाकर लगभग ढाई हजार बसों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
इन रूटों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
रोडवेज से जुड़े सूत्रों का कहना है कि लखनऊ परिक्षेत्र की आधी बसों के रैली में शामिल होने से करीब आठ रूट सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। बसों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को बस स्टेशनों पर अधिक इंतजार करना पड़ सकता है। प्रभावित रूटों में लखनऊ से सीतापुर, लखीमपुर, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोंडा और गोरखपुर प्रमुख हैं।
ऑफ-रूट बसें उतारने का दावा
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो में खड़ी ऑफ-रूट बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा। प्रदेशभर में औसतन करीब 2400 बसें रोजाना डिपो में खड़ी रहती हैं, जो चालकों की कमी या मरम्मत के अभाव में संचालित नहीं हो पातीं। अधिकारियों का दावा है कि इन बसों को चलाकर यात्रियों को राहत दी जाएगी, हालांकि चालकों की उपलब्धता और बसों की फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं।
इन जिलों की बसें भी होंगी शामिल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बसों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इसमें लखनऊ की 400 बसों के अलावा हरदोई से 350, इटावा से 200, देवीपाटन से 300, कानपुर से 350, गोरखपुर से 200, प्रयागराज से 200, अयोध्या से 150 और वाराणसी से 100 बसें प्रमुख रूप से शामिल होंगी।
रोडवेज के प्रवक्ता अमरनाथ सहाय ने बताया कि 25 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से करीब ढाई हजार बसों की ड्यूटी लगाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी रूट पर बसों की कमी नहीं होने दी जाएगी और इसके लिए चालकों की संख्या बढ़ाकर ऑफ-रूट बसों को भी संचालित किया जाएगा।

