वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: नगर निगम द्वारा पॉलीथिन विरोधी अभियान जारी रखते हुए प्रवर्तन दल ने अनेक स्थानों पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की और जुर्माना लगाया। पॉलीथिन ले जाते हुए दो रिक्शाओं को भी पकड़कर उनसे जुर्माना वसूला गया। कुल 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगरायुक्त के निर्देश पर नगर निगम के प्रवर्तन दल द्वारा मंगलवार को भी प्रतिबंधित पॉलीथिन विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान माहीपुरा चैक व बेहट रोड पर मस्जिद के पास दो आटो रिक्शाओं को पकड़कर उन पर लदी पॉलीथिन पकड़ी गयी और 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हए पॉलीथिन जब्त की गयी।
बंजारों के पुल पर भी छापा मारकर दुकानदारों पर सात हजार रुपये का जुर्माना किया गया और पॉलीथिन जब्त की गयी। इसके एक रिक्शा में भी पॉलीथिन का सामान लदा हुआ पकड़ा गया। बताया जाता है कि उक्त सामान एनसीआर से सहारनपुर किसी दुकान पर भेजा गया था।
प्रवर्तन दल ने ये सामान जब्त कर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। अभियान के तहत कुल 28 हजार रुपये का जुमार्ना वसूला गया। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान और तेज किया जायेगा। कार्रवाई के दौरान सेनेटरी इंस्पैक्टर प्रकाश चंद, प्रवर्तन दल के नरेश, पवन, प्रवीण, आदि मौजूद रहे।

