- अंतर्राज्जीय गिरोह पांच आरोपी हुए गिरफ्तार, लूट के 12 वाहन व हथियार बरामद
- सुनसान जगहों पर राहगिरों को बनाते थे अपना शिकार
- पुलिस कर रही अपराधिक इतिहास की जानकारी, कई घटनाओं का हुआ खुलासा
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: नईमंडी थाना पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब पुलिस ने एक सूचना के आधार पर हाइवे व सुनसान रास्तों पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गेंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लूट की कई घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गये 12 वाहन व अवैध हथियार भी बरामद किये हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के निर्देश पर नईमंडी पुलिस द्वारा लूट की घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इसी दौरान एक मुखबिर की सूचना पर नईमंडी थाना पुलिस को सूचना मिली कि
लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले पांच लोग सिसोना रोड बागोवाली गांव के पास मौजूद हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना मिलने पर नईमंडी थाना प्रभारी पंकज पंत के निर्देशन में एक टीम ने उक्त स्थान पर छापेमारी कर वहां से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट की 11 मोटरसाईकिल, एक स्कूटी, अवैध हथियार व नकदी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने नईमंडी थाने में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गये युवक अंतर्राज्जीय लूटेरे हैं, जो मुजफ्फरनगर में ही नहीं, बल्कि रूडकी, हरिद्वार समेत कई जनपदों में लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी हाइवे व सुनसान जगहों पर बैठ जाते थे और रास्ते से गुजरने वाले राहगिरों से उनके वाहन व नकदी आदि लूट लिया करते थे।
नईमंडी थाना क्षेत्र में भी इस तरह की लूट की घटनाएं घटित हुई थी, जिनके खुलासे के लिए टीम गठित की गई थी। टीम ने सफलता प्राप्त करते हुए इस गेंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। हिरासत में लिये गये युवकों के अपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है और पूछताछ के आधार पर कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
ऐसे देते थे लूट की घटनाओं को अंजाम
एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि इस गैंग के सदस्य हाईवे व सुनसान रास्तों पर खेतों के आसपास छिपकर आने-जाने वाले व्यक्तियों से मोटरसाइकिल, मोबाइल व नकदी लूट लेते थे। गैंग द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर, रुडकी, मंगलौर व आस-पास के जनपदों में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
ये हुए गिरफ्तार
नईमंडी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये अंतर्राज्जीय वाहन चोर गिरोह के सदस्यों में नितिन उर्फ भूरी पुत्र सोमदत्त निवासी मुस्तफाबाद थाना नई मण्डी, राहुल गोयल पुत्र सुशील निवासी कृष्णापुरी थाना कोतवाली नगर,मुजफ्फरनगर, सोनू पुत्र जयप्रकाश निवासी मुस्तफाबाद थाना नई मण्डी, मुजफ्फरनगर, मोनू पुत्र रमेश निवासी काजीपुर थाना भोपा, मुजफ्फरनगर, शोएब पुत्र नईम निवासी न्याजूपुरा थाना कोतवाली नगर,मुजफ्फरनगर शामिल हैं।
ये हुई बरामदगी
अंतर्राज्जीय लूट गेंग के सदस्यों से पुलिस ने 02 तमंचे मय 04 जिन्दा कारतूस 315 बोर, 2500 रुपये नकद-लूटे हुए, . हीरो सुपर स्पलैण्डर मोटरसाइकिल लूटी हुई बरामद हुई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 2 हीरो होण्डा एचएफ डिलक्स, 4 हीरो स्पलैण्डर प्लस, 1 हीरो पेशन प्रो, 1 यामाहा एफजेड एस , 1टीवीएस अपाचे , 1 होण्डा शाइन व एक स्कूटी बरामद हुई है।