जनवाणी संवाददाता |
हस्तिनापुर: शिवालिक की पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बरसात के बाद खादर क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराने लगा है। रविवार देर रात बिजनौर बैराज से गंगा में चल रहा डिस्चार्ज बढ़कर 1 लाख 59 हजार हो गया। जिसके चलते प्रशासन ने गंगा किनारे बसे गांवों में हाईअलर्ट जारी कर दिया।
कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। सोमवार को मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद गंगा का पानी किनारे तोड़कर बाहर आना शुरू हो गया। जिसके चलते प्रशासन में बाढ़ को लेकर गंगा किनारे बसे गांवों में हाईअलर्ट जारी कर दिया। बिजनौर बैराज पर तैनात जेई पीयूष कुमार के अनुसार रविवार देर रात गंगा नदी में चल रहा डिस्चार्ज बढ़कर 1 लाख 59 हजार क्यूसेक हो गया। जिससे सोमवार शाम गंगा जल स्तर में हुई भारी वृद्धि से गंगा का पानी किनारे तोड़कर फतेहपुर प्रेम, शेरपुर, हंसापुर भीमकुंड, बदुआ, खेड़ीकलां, मनोहरपुर आदि गांवों के जंगलों में घुसना शुरू हो गया। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिसके चलते गंगा किनारे बसे गांवों में भी बाढ़ पानी प्रवेश कर गया है। कई गांव की कृषि भूमि में गंगा का पानी भरा होने के चलते पशुओं के लिए चारे का संकट बढ़ता नजर आ रहा है। कहीं गांव के संपर्क मार्गों पर पानी भरा होने के चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही है।

