नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान, उनकी पत्नी गौरी खान, उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया है। उनका दावा है कि वेब सीरीज “द बैड्स ऑफ बॉलीवुड” में उनके जैसे अधिकारी का चरित्र नकारात्मक और गलत तरीके से दिखाया गया, जिससे उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
समीर वानखेड़े ने दायर की याचिका में कहा
समीर वानखेड़े ने दायर की याचिका में कहा था कि नेटफ्लिक्स पर प्रसारित सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में उन्हें लेकर झूठे, अपमानजनक और मानहानि वाले तथ्य दिखाए गए हैं। उन्होंने कोर्ट से इस सीरीज पर स्थायी और अनिवार्य प्रतिबंध लगाने के अलावा रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स समेत अन्य को मुआवजे का आदेश देने का अनुरोध किया था। समीर ने नुकसान की भरपाई के रूप में दो करोड़ रुपये की मांग की और इस रकम को कैंसर मरीजों की मदद के लिए टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को दान करने की इच्छा जताई।
अदालत की प्रतिक्रिया
अदालत ने फिलहाल कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दिल्ली में क्यों सुना जाना चाहिए। अदालत ने वानखेड़े को याचिका में सुधार (संशोधन) करने का मौका दिया है ताकि यह साबित किया जा सके कि दिल्ली में उनकी प्रतिष्ठा को खास तौर पर नुकसान हुआ। फिलहाल मामला याचिका संशोधन की प्रक्रिया में है और अदालत की तरफ से अंतिम निर्णय नहीं आया है।