- सीओ के निर्देश पर कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया
- मृतक की शिनाख्त निवासी ग्राम सौपुरी कोमल के रूप में हुई
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नजीबाबाद-हर्सवाड़ा-हरिद्वार बाईपास मार्ग पर नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पुलिस को उसके पास से मिले कागज़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त धामपुर थाना के ग्राम सौपुरी के रूप में हुई।
शनिवार की सुबह नजीबाबाद-हरिद्वार बाईपास मार्ग पर मदरसे के समीप नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। नाले में शव मिलने पर क्षेत्र में सनसनी व्याप्त हो गई। मौके पर तमाम भीड़ एकत्रित हो गई।
शव मिलने की सूचना हर्षवाड़ा के ग्राम प्रधान जाहिद अंसारी ने पुलिस को दी जिसकी सूचना मिलते ही सीओ गजेन्द्र पाल सिंह व कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और उसकी जेब से मिले कागजों के आधार पर मृतक की पहचान ग्राम सौपुरी थाना धामपुर निवासी लगभग 45 बर्षीय कोमल सिंह के नाम से होने पर उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना परिजनों को देने पर पता चला कि मृतक घर से देहरादून दवाई लेने के लिए निकला था। व्यक्ति की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सीओ के निर्देश पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सीओ गजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि मृतक यहां क्यों आया और उसकी मौत कैसे हुई इस के संबंध में व्यापक छानबीन की जाएगी।

