जनवाणी संवाददाता |
कैराना—शामली: शहर कोतवाली पुलिस ने पूर्वी यमुना नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान इको कार से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं पुलिस ने कार चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कैराना पुलिस ने रामडा में बंद पड़ी पटाखा फैक्ट्री से और नगर के मोहल्ला शीतला माता में एक मकान के अंदर से बडी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए। यहां भी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीन कार्टून व चार बैग में बडी मात्रा में पटाखे भरे हुए
शहर कोतवाली पुलिस रविवार देर रात को झिंझाना कैराना नहर पटरी पर एक कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के दो बोरों व तीन कार्टून व चार बैग में बडी मात्रा में पटाखे भरे हुए थे। इस दौरान दो युवकों ने कार से उतरकर भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें पकड लिया।
युवकों ने अपने नाम अशोक व देवेंद्र निवासी विजयनगर रोहिणी दिल्ली बताया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन पटाखों को गढ़ीपुख़्ता के पटाखा फैक्टरी संचालक शब्बीर अहमद से 28 हजार रुपये में खरीदकर दिल्ली ले जा रहे थे। आरोपियों ने बताया कि दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध होने के कारण वे इन्हें वहां चोरी छिपे बेचने के लिए ले जा रहे थे।
मकान पर भी छापा मारा
उधर, रविवार की देर रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कैराना के गांव रामडा में बंद पड़ी एक पटाखा फैक्ट्री पर छापा मारकर वहां से पटाखों से भरी हुई करीब 48 पेटी बरामद की। यहां से पुलिस ने शाहरुख निवासी पानीपत को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा मौहल्ला सरावज्ञान स्थित शीतला माता के पास एक मकान पर भी छापा मारा।
यहां पर डिंपल निवासी गांव रामडा व विशु सिंघल तथा दीपक गर्ग निवासी मौहल्ला सरावज्ञान शीतला माता के द्वारा अवैध पटाखों का भंडारण किया गया था। पुलिस ने सभी पटाखों को बरामद कर लिया तथा एक आरोपी डिंपल को गिरफ्तार कर लिया अन्य दो आरोपी फरार हो गए। मामले में पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियो का चालान कर दिया।

